MP: सलाद को लेकर शादी में हुआ बवाल, दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फेंकी कुर्सियां

सागर और उज्जैन में शादी समारोह जंग के मैदान में बदल गए। सागर में सलाद में प्याज न मिलने पर, तो उज्जैन में फोटो खिंचवाने को लेकर घमासान मच गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कुर्सियां और बर्तन फेंके।

Publish: May 01, 2026, 07:02 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में एक शादी समारोह में प्रीतिभोज के दौरान सलाद न मिलने की वजह से बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सागर रोड स्थित शगुन मैरिज गार्डन में गुरुवार को हुए इस घटनाक्रम में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट, तोड़फोड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में करीब 5 से 6 लोग घायल हुए हैं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अहिरवार समाज के एक युवक की शादी के बाद भोज का आयोजन चल रहा था। बीना के मंडी बामौरा क्षेत्र से आए लड़की पक्ष के कुछ लोग खाने में सलाद में प्याज न मिलने पर आपत्ति जताई। इस पर कैटरर ने बताया कि सलाद तैयार किया जा रहा है और जल्द परोसा जाएगा लेकिन इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस तेज हुई और दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज से मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें:अल्पसंख्यक संस्थान खुद चुन सकेंगे प्राचार्य, सरकार नहीं थोपेगी नियम: ग्वालियर हाईकोर्ट

देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोग कुर्सियां उठाकर एक दूसरे पर हमला करने लगे और मैरिज गार्डन में रखे सामान में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे के बीच लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।

सूचना मिलते ही खुरई शहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया। किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:MP में बदला मौसम का मिजाज, कई जगह आंधी, बारिश और ओलावृष्टि, 17 जिलों के लिए अलर्ट जारी

मामला शांत होने के बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी की बाकी रस्में शांतिपूर्वक पूरी कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर पुलिस के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरानी जता रहे हैं कि एक छोटी-सी बात ने कैसे हिंसक रूप ले लिया।

इसी तरह की एक और घटना उज्जैन से सामने आई है। वहां चिमनगंज थाना क्षेत्र के राजीव नगर में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह में मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। यहां भी वर वधू पक्ष के लोग आमने सामने आ गए और एक-दूसरे पर कुर्सियां, बर्तन और अन्य सामान फेंकने लगे। बताया जा रहा है कि यह घटना बीते 27 अप्रैल की है। इस कार्यक्रम में रात करीब एक बजे विवाद शुरू हुआ था।

यह भी पढ़ें:कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा, 993 रूपए तक महंगा हुआ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोटोशूट के दौरान फोटोग्राफर ने एक महिला को फ्रेम से हटने के लिए कहा था। जिससे नाराजगी पैदा हुई और बात बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई। इसके बाद लोगों ने कुर्सियां, बर्तन और पानी के कैन तक एक दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया। झगड़ा रिसेप्शन स्थल से होते हुए रसोई क्षेत्र तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के पास शिकायत पहुंची लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।