MP: विदिशा के कुरवाई में किसानों का प्रदर्शन, स्लॉट बुकिंग नहीं होने से नाराज किसानों ने किया चक्काजाम
विदिशा जिले में ई-उपार्जन पोर्टल की सर्वर समस्या से किसान जूझ रहे हैं। न स्लॉट बुक हो पा रहे हैं और न उपज चढ़ रही है, जिससे भुगतान और खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
विदिशा। मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य में कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है। इस भीषण गर्मी में भी किसान सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। विदिशा जिले के कुरवाई में बुधवार को किसानों का आक्रोश देखने को मिला। यहां स्लॉट बुकिंग नहीं होने से नाराज गेहूं उत्पादक किसानों ने चक्काजाम कर दिया।
दरअसल, गेहूं उपार्जन की तिथि घोषित होने के साथ ही सर्वर बड़ी समस्या बन कर उभरा है। विदिशा जिले में भी ई-उपार्जन पोर्टल की सर्वर समस्या से किसान जूझ रहे हैं। न स्लॉट बुक हो पा रहे हैं और न उपज चढ़ रही है, जिससे भुगतान और खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसे लेकर किसानों में भारी आक्रोश है।
मंगलवार को आक्रोशित किसानों ने गेंहू के उपार्जन में हो रही परेशानियों को लेकर चक्काजाम किया। संकड़ों की संख्या में किसानों ने कुरवाई के पास स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार गूंगी बहरी हो गई है। गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुक नहीं हो रहे। बारदाना कि किल्लत है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों से अवैध वसूली हो रही है। लेकिन खुद को किसानों की हितैषी बताने वाली सरकार हमारी कोई सुध नहीं ले रही।




