कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट के सामने जबरदस्त प्रदर्शन, फांसी दो के नारे लगे

पीड़ित की मां ने कहा कि हम लोग इंसाफ के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। हमारा हाईकोर्ट से भरोसा उठ गया है। अगर हमें इंसाफ नहीं मिला, तो हम दूसरे देश जाएंगे।

Updated: Dec 26, 2025, 04:21 PM IST

नई दिल्ली। उन्नाव रेप केस में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा सस्पेंड होने के फैसले के खिलाफ देशभर में आक्रोश है। सेंगर को मिली जमानत का मामला अब केवल कानूनी दायरे तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि यह सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। एक ओर इस आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी जा चुकी है। वहीं, न्याय की मांग को लेकर लोग अब सड़क पर उतर आए हैं।

शुक्रवार को कुलदीप सेंगर को मिली जमानत के खिलाफ बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर जनवादी महिला समिति के बैनर तले महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “वी वांट जस्टिस” और “फांसी दो” जैसे नारे लगाए और कुलदीप सेंगर को फांसी देने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्नाव गैंगरेप जैसे गंभीर अपराध में दोषी ठहराए जा चुके व्यक्ति को जमानत दिया जाना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है और इससे पीड़ितों का भरोसा कमजोर होता है। इस विरोध प्रदर्शन में उन्नाव रेप पीड़िता भी दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची थी। हालांकि, वह प्रदर्शन के दौरान बस से बाहर नहीं आईं। बताया गया कि सुरक्षा कारणों को देखते हुए उन्हें प्रोटेस्ट में सीधे शामिल नहीं किया गया। इसके बावजूद, पीड़िता की मौजूदगी ने इस विरोध को और मजबूत संदेश दिया।

पीड़ित की मां ने कहा कि सेंगर की बेल रिजेक्ट होनी चाहिए। हम लोग इंसाफ के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। हमारा हाईकोर्ट से भरोसा उठ गया है। अगर हमें इंसाफ नहीं मिला, तो हम दूसरे देश जाएंगे। मेरे पति की हत्या के दोषी को तुरंत फांसी दी जानी चाहिए। योगी जी से अपील है कि गुनहगारों को तुरंत फांसी होनी चाहिए।

उधर दिल्ली यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली मेट्रो में विरोध जताया। हाथ में पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा का पूर्व एमएलए कुलदीप सेंगर दोषी है, उसे बेल मिल गई है। हम लोग आपसे अपील करते हैं कि अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ज्यादा से विरोध जताकर इस पीड़िता का समर्थन करें।

दरअसल, उन्नाव रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट ने बेल दे दी थी। अदालत ने चार शर्तों के साथ कुलदीप सेंगर को बेल दी थी। हालांकि, अभी सेंगर जेल में ही रहेगा, क्योंकि उसे रेप पीड़ित के पिता की हत्या के मामले में भी 10 साल की सजा हुई थी। इस मामले में उसकी जमानत याचिका पर 28 दिसंबर को फैसला आना है।