MP Election 2023: सारे वादे पूरे होंगे और ये मोदी की गारंटी है, बड़वानी में बोले पीएम मोदी

मैं 15 नवंबर को झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के गांव जा रहा हूं। वहां से पूरे देश के आदिवासी समाज के लिए बहुत बड़ी योजना की शुरुआत होने वाली है: पीएम मोदी

Updated: Nov 13, 2023, 05:35 PM IST

बड़वानी। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान पूरे शबाब पर है। प्रचार के आखिरी तीन दिनों में सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा की ओर से पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह मैदान में हैं। सोमवार को पीएम मोदी ने बड़वानी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि भाजपा द्वारा किए वादे पूरे किए जाएंगे।

पीएम मोदी ने बड़वानी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'मध्य प्रदेश भाजपा का संकल्प पत्र प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। यह गरीबों को मजबूत करने वाला है। आप लिखकर रख लीजिए, आपसे किए हुए सारे वादे पूरे होंगे और ये मोदी की गारंटी है।' पीएम मोदी को इस बात पर इसलिए भी जोर देना पड़ा क्योंकि प्रदेश में शिवराज सरकार के सैंकड़ों ऐसे वादे हैं जो पूरा नहीं हो सके हैं।

 यह भी पढ़ें: तोमर जी के लड़के का वीडियो देखा, यहां रेस लगी है कि कौन ज्यादा पैसा लूटेगा, नीमच में गरजे राहुल गांधी

पीएम मोदी ने इस दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'कांग्रेस अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए MP पर कब्जा जमाना चाहती है। आप छत्तीसगढ़ और राजस्थान में देखिए, कैसे कांग्रेस की काली कमाई से कमाए गए नोटों के ढेर हर रोज निकल रहे हैं। राजस्थान में 5 साल में क्या-क्या नहीं हुआ। हम कल्पना भी कर सकते थे कि भारत में हम कभी सिर तन से जुदा के नारे सुनेंगे। हमें राजस्थान के साथ MP को भी बचाना है।'

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'भाजपा भारत को विकसित बनाने के संकल्प के साथ निकली है। मध्य प्रदेश के गांव-गांव से स्वर निकल रहा है कि फिर एक बार भाजपा सरकार। आज-कल मध्य प्रदेश में एक और नारा गूंज रहा है। यह नारा लोगों के दिल से निकला है और यह नारा है- कांग्रेस आई, तबाही लाई।' प्रधानमंत्री ने ऐलान करते हुए कहा कि, 'मैं परसों झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के गांव जा रहा हूं। वहां से पूरे देश के आदिवासी समाज के लिए बहुत बड़ी योजना की शुरुआत होने वाली है।'