MP Election 2023: चुनाव से पहले भाजपा को फिर लगा बड़ा झटका, पूर्व विधायक ने थामा कांग्रेस का दामन

BJP से पूर्व विधायक रहे बृजेंद्र तिवारी ने गुरुवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके हजारों समर्थकों ने भी इस दौरान पार्टी की सदस्यता ली।

Updated: Nov 10, 2023, 10:58 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग में अब कुछ दिन ही शेष है। चुनाव के आखिरी हफ्तों में भी बीजेपी को बड़े झटके लग रहे हैं। ग्वालियर अंचल में भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व विधायक बृजेंद्र तिवारी ने कांग्रेस की सदस्यता ली है। उन्होंने इस दौरान शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।

पूर्व विधायक बृजेंद्र तिवारी अपने 5 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओ के साथ गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हुए। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह औऱ नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने उन्हें कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद तिवारी ने शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा, 'मैं BJP का पूर्व विधायक रह चुका हूं। BJP के नेता अहंकार में डूबे हुए हैं। वह अब कोई राजनीतिक दल नहीं रह गया वह तो कुछ लोगों का गिरोह रह गया है। आज लगभग पांच हजार से ज्यादा लोगों के साथ हमने कांग्रेस की सदस्यता ली है अब यह सभी लोग कांग्रेस को जिताने के लिए काम करेंगे। मुझे किसी पद की लालसा नही है लेकिन मेरी आत्मा में है कि मैं अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ता रहूं और जब दुनिया से उठूं तो इसी आत्मा के साथ उठूं।

बृजेंद्र तिवारी भितरवार क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के 2003 में विधायक रहे हैं। लेकिन 2008 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने पर बृजेन्द्र तिवारी को bjp ने निष्काषित कर दिया था। खांटी समाजवादी विचारों वाले तिवारी के पिता विष्णुदत्त तिवारी भी इसी सीट से MLA रह चुके हैं। 

तिवारी अंचल के संघर्षशील किसान नेता और ईमानदार नेता माने जाते है। जिले में उनके पक्के और कट्टर समर्थक माने जाते है। तिवारी के पार्टी छोड़ने से BJP को बड़ा नुकसान और कांग्रेस को बड़ा फायदा होने का अंदेशा है। BJP छोड़ कांग्रेस का हाथ थामने के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनकी ज्वाइनिंग बिना शर्त हो रही है।