MP Election 2023: राघौगढ़ से जयवर्धन सिंह ने भरा नामांकन, पिता दिग्विजय सिंह भी रहे मौजूद
Jaivardhan Singh Nomination: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बेटे जयवर्धन और भाई लक्ष्मण सिंह का नॉमिनेशन कराने पहुंचे, जयवर्धन सिंह ने राघौगढ़ और लक्ष्मण सिंह ने चाचौंडा से भरा पर्चा

गुना। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों का आगाज हो चुका है। गुरुवार को कांग्रेस के कई कद्दावर नेताओं ने नामांकन भरा। पीसीसी चीफ कमलनाथ से लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व मंत्री सचिन यादव समेत कई दिग्गज नेताओं ने आज नामांकन पर्चा दाखिल किया।
गुना जिले के राघौगढ़ से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह ने पर्चा दाखिल किया। स्वयं दिग्विजय सिंह भी रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में गए। इस दौरान दिग्विजय सिंह के पोते सहस्त्रजय सिंह भी मौजूद रहे। गुना जिले के ही चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र से दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा।
उधर भिंड जिला कलेक्ट्रेट में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने पर्चा दाखिल किया। डॉ सिंह के साथ दस्यु किंग मलखान सिंह भी नजर आए। नामांकन दाखिल करने से पहले डॉ सिंह ने भाजपा नेता व FCI के डायरेक्टर रहे नरेश सिंह को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई।
यह भी पढ़ें: MP Election 2023: गधे पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचा निर्दलीय प्रत्याशी
सीधी कलेक्ट्रेट परिसर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चुरहट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा है। अजय सिंह राहुल पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पुत्र हैं। नामांकन के लिए जाने से पहले वे रावसागर तालाब के किनारे अर्जुन सिंह की समाधि पर पुष्प अर्पित भी किया।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री रहे कांग्रेस प्रत्याशी सचिन यादव ने खरगोन में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष विधानसभा क्षेत्र कसरावद से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर उनके बड़े भाई व पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरुण यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।
उधर, इंदौर-3 के कांग्रेस उम्मीदवार दीपक जोशी (पिंटू) ने नामांकन दाखिल किया। दीपक जोशी ने कहा, 'जनता का अपना उम्मीदवार हूं उनका भरपूर आशीर्वाद मिलेगा।' वे अपने पिता और कांग्रेस के पूर्व मंत्री स्व. महेश जोशी की विरासत को संभालने के लिए मैदान में उतरेंगे।