MP Election: दिल्ली में BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, 94 प्रत्याशियों के नाम पर लगेगी मुहर

BJP Candidates List: भाजपा 230 सीटों में से अब तक महज 136 नामों की सूची जारी की है। जबकि कांग्रेस पार्टी ने 229 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं।

Updated: Oct 20, 2023, 10:09 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। वहीं, भाजपा नेताओं का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में होगी। माना जा रहा है कि इसमें प्रदेश के 94 बाकी प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगेगी। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार शाम 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बीजेपी सीईसी की बैठक होगी। जिसमें मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी 
उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर सकती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने दोपहर 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

यह भी पढ़ें: MP के 186 विधायक करोड़पति, 93 MLAs पर आपराधिक मामले, चुनाव पूर्व ADR रिपोर्ट में खुलासा

चर्चा है कि पार्टी चार से पांच मंत्रियों के टिकट काट सकती है। इसका कारण सर्वे में उनकी रिपोर्ट ठीक नहीं होना है। शिवराज सरकार में मंत्री उषा ठाकुर, इंदरसिंह परमार, गौरीशंकर बिसेन, ओपीएस भदौरिया, रामखेलावन पटेल, सुरेश धाकड़, बृजेंद्र सिंह यादव, महेंद्र सिंह सिसोदिया का टिकट होल्ड कर दिया है। वहीं, यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया।

यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस के 229 प्रत्याशी घोषित, 6 विधायकों के टिकट कटे, 170 से अधिक सीटें जीतने का दावा

बता दें कि 230 विधानसभा में से कांग्रेस 229 पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है जबकि भाजपा ने अब तक महज 136 नामों की सूची जारी की है। ऐसे में लोगों को भाजपा की पांचवीं सूची का इंतजार है। बताया जा रहा है कि एक दो दिन में भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी हो सकती है। शुक्रवार को इसी सिलसिले में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में होगी। 70 सीटों पर पार्टी ने नाम तय कर दिए हैं। अब बाकी सीटों पर भी अंतिम बार विचार किया जाना है।