MP के 186 विधायक करोड़पति, 93 MLAs पर आपराधिक मामले, चुनाव पूर्व ADR रिपोर्ट में खुलासा

Madhya Pradesh Assembly Election: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी ADR की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा के 129 में से 39 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Updated: Oct 20, 2023, 01:43 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर काउंटडाउन शुरू हो चुका है। तमाम दल अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर रहे हैं। इस बार निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सभी दलों को बताना होगा कि उनके कितने प्रत्याशी दागदार हैं और आपराधिक पृष्ठभूमि वालों को टिकट क्यों दिया गया। इसी बीच मध्य प्रदेश के मौजूदा विधायकों को लेकर एडीआर की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। इसमें बताया गया है की भाजपा के 129 में से 39 विधायक दागदार हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी ADR की रिपोर्ट में सभी 230 विधायकों की पूरी कुंडली शामिल है। जिसके मुताबिक मध्य प्रदेश के 230 विधायकों में से कम से कम 93 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। यानी 40 फीसदी विधायक दागदार हैं। इनमें से 47 के विरुद्ध गंभीर मामले दर्ज हैं। यानी 20 फीसदी माननीय गंभीर अपराधों में आरोपी हैं।

यह भी पढ़ें: भोपाल में चुनावी ट्रेनिंग से 784 अधिकारी-कर्मचारी रहे नदारद, 125 ने ही बताई अनुपस्थिति की वजह

रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस 52 के और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 39 विधायकों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, काफी समय से विपक्ष में रहने के कारण कांग्रेस विधायकों के खिलाफ राजनीति मामले दर्ज हैं, इसलिए कांग्रेस विधायकों की संख्या ज्यादा है। दरअसल, विपक्षी नेताओं द्वारा महंगाई, बेरोजगारी व जनहित के मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया जाता है तो उसमें भी पुलिस केस दर्ज कर लेती है। कांग्रेस के मामले में अधिकांश विधायकों के विरुद्ध इसी तरह के मामले दर्ज हैं।

एडीआर की रिपोर्ट में विधायकों की आर्थिक स्थिति की भी जानकारी दी गई है। जिसके मुताबिक 230 विधायकों में से 186 यानी करीब 81 फीसदी विधायक करोड़पति हैं। इनकी संपत्ति एक करोड़ रुपये से ज्यादा है। पार्टीवार बात करें तो भाजपा के 129 विधायकों में से 107 यानी 83 फीसदी, कांग्रेस के 97 में से 76 यानी 78 फीसदी और तीनों निर्दलीय विधायकों की संपत्ति एक करोड़ रुपये से ऊपर है। आंकड़ों के आधार पर वर्तमान विधायकों की औसत संपत्ति 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की 

ये हैं सबसे अमीर विधायक

मध्य प्रदेश के सबसे अमीर विधायकों की बात की जाए तो विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय सत्येंद्र पाठक सबसे अमीर विधायकों की सूची में प्रथम स्थान पर हैं। 2018 के चुनाव में संजय पाठक ने अपनी संपत्ति 226 करोड़ से अधिक बताई थी। जबकि 204 करोड़ संपत्ति के साथ रतलाम से भाजपा विधायक चैतन्य कश्यप दूसरे स्थान पर हैं। तीसरा स्थान इंदौर 1 से विधायक संजय शुक्ला का है। शुक्ला के पास 139 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। 

सर्वाधिक वार्षिक आय करने वाले विधायकों में खुरई से भाजपा के विधायक भूपेंद्र सिंह शीर्ष पर हैं। 2018 में दी गई जानकारी के अनुसार 46 करोड़ की संपत्ति के मालिक भूपेंद्र सिंह और उनके परिजनों की कुल सालाना आय 5 करोड़ से अधिक है। दूसरे स्थान पर संजय पढ़कर हैं जिनकी वर्षीय आय 2 करोड़ से अधिक है। इसके अलावा आय के मामले में तीसरे स्थान पर पीसीसी चीफ कमलनाथ हैं। कमलनाथ की कुल संपत्ति 124 करोड़ है और उनकी वर्षीय आय दो करोड़ से अधिक है।

2018 के आंकड़ों के मुताबिक सबसे कम संपत्ति विधायकों की सूची में भाजपा के पंधाना से विधायक राम डांगोर का नाम शीर्ष पर है। उनके पास तब 50 हजार की संपत्ति थी। वहीं, मंत्री उषा ठाकुर के पास 7 लाख रुपए की संपत्ति है। कम संपत्ति वाले विधायकों में कांग्रेस के हीरालाल अलावा का नाम पांचवें स्थान पर है। वहीं, कांग्रेस की दलित महिला विधायक कल्पना वर्मा का नाम सातवें स्थान पर है। बता दें कि 
इस रिपोर्ट को ADR और मध्य प्रदेश इलेक्शन वॉच ने मिलकर तैयार किया है। जिसमें विधायकों की आर्थिक, आपराधिक और शैक्षणिक पृष्टभूमि का जिक्र है।