देश के कई राज्यों में लू का प्रकोप, भोपाल में गर्मी के कारण उड़ानें प्रभावित, राजस्थान के फलोदी 49 डिग्री पहुंचा पारा

मध्य प्रदेश के रतलाम और राजगढ़ में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.2 डिग्री और 46.3 डिग्री दर्ज किया गया।

Updated: May 25, 2024, 09:57 AM IST

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में लगातार आठवें दिन भी शुक्रवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राजस्थान के फलोदी में पारा 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया - जो इस साल देश में दर्ज अब तक का सबसे अधिक तापमान है। आगामी एक हफ्ते तक गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शनिवार से नौतपा भी शुरू हो गया है।

सूर्य के कृतिका से रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ ही आज 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है। आने वाले 9 दिन यानी, 2 जून तक तेज गर्मी रहेगी, क्योंकि सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ेगी। देश के कई राज्यों में इसका असर होगा। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 31 मई तक भीषण गर्मी का कहर जारी रहेगा।

आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कम से कम 23 स्थानों पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के रतलाम और राजगढ़ में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.2 डिग्री और 46.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, 12 शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार रहा।

भोपाल में 43.7 डिग्री, इंदौर में 44.1 डिग्री, ग्वालियर में 41.4 डिग्री, जबलपुर में 40 डिग्री और उज्जैन में पारा रिकॉर्ड 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी का असर उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है। भोपाल-हैदराबाद इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार को डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई। बताया गया कि बाहर का तापमान ज्यादा होने के चलते इंजन रिस्ट्रिक्टेड मोड में चला गया था।

राजस्थान में शुक्रवार को गर्मी से 5 मौतें हुईं। राज्य में 2 दिन में यह आंकड़ा 14 हो गया है। पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। हिमाचल के कांगड़ा जिले के सभी स्कूलों में 25 मई को छुट्टी कर दी गई है। यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा।