MP Election: प्रह्लाद पटेल से ज्यादा अमीर हैं उनकी पत्नी, चुनावी हलफनामे में 105 तोला सोना और 12 किलो चांदी का जिक्र

MP Election 2023: केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल से ज्यादा उनकी पत्नी पुष्पलता पटेल धनवान हैं। पटेल के पास 2 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति और पत्नी के पास 4.20 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

Updated: Oct 27, 2023, 11:18 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान पूरे शबाब पर है। प्रदेशभर में प्रत्याशियों द्वारा नामांकन का दौर भी जारी है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने बुधवार को नरसिंहपुर सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पटेल द्वारा चुनाव आयोग को दिए हलफनामे से पता चला की उनसे ज्यादा अमीर उनकी पत्नी पुष्पलता पटेल हैं।

नामांकन पत्र के अनुसार पटेल के हाथ में नगद सिर्फ एक लाख रुपए हैं। वहीं बचत खाते में प्रहलाद पटेल के पास 6.03 लाख और पत्नी के पास 6.42 लाख रुपये हैं। पत्नी के पास सात लाख से ज्यादा की अन्य रकम, 105 तोला सोना और 12 किलो चांदी भी मौजूद है। इसके अलावा शुगर मिल में 28 लाख के शेयर हैं। पटेल के पीएफ खाते में 16 लाख और 15 लाख की एलआईसी पॉलिसी है।

यह भी पढ़ें: MP Election: जेबकतरों से सावधान, CM शिवराज के रोड शो में व्यापारियों की जेबें कटीं

प्रह्लाद पटेल हथियारों के भी शौकीन हैं। उनके पास जर्मन मेड रिवाल्वर, 12 बोर राइफल और एक अन्य हथियार है। पटेल के पास 2 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति और पत्नी के पास 4.20 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। प्रह्लाद पटेल पर एक करोड़ 41 लाख रुपए का कर्ज भी है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। 30 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन फार्म भरने वाले प्रत्याशी को अपनी आय संपत्ति के साथ लोन और आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज की भी जानकारी देनी होती है।