MP: पूर्व मंत्री विष्णु राजोरिया का निधन, कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री विष्णु राजोरिया का निधन हो गया। उनकी इच्छानुसार उनका नेत्रदान किया गया। उनके निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

Updated: Mar 12, 2025, 02:05 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विष्णु राजोरिया का निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार थे और मंगलवार शाम 83 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनकी इच्छानुसार नेत्रदान किया गया है। राजोरिया के निधन से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।

राजोरिया के बड़े पुत्र आशीष राजोरिया ने बताया कि, वे पिछले कुछ समय से बीमार थे और भोपाल के एक निजी अस्पताल में एडमिट थे। छोटे बेटे मनीष राजोरिया नें बताया कि पिताजी की इच्छानुसार परिजन ने उनके नेत्रदान का संकल्प पूरा किया। उनकी अंतिम यात्रा निज निवास बी-244 शाहपुरा से बुधवार सुबह- 11 बजे सुभाष नगर स्थित विश्राम गृह के लिए पहुंची।

यह भी पढे़ं: 2014 से अबतक देश में 90 हजार स्कूल बंद कर दिए गए, राज्यसभा में दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा

राजोरिया लगभग छह दशक पहले मासिक पत्रिका शिखर वार्ता के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा, उन्होंने कैरियर महाविद्यालय, कैरियर अस्पताल और आदर्श प्राइवेट लिमिटेड जैसी कई संस्थाओं की स्थापना की। वे प्रदेश की विभिन्न शैक्षिक और सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्ष और सदस्य भी रहे थे। साथ ही प्रदेश सरकार ने मंत्री भी रहे।

राजोरिया के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सांसदों, विधायकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक प्रकट किया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, 'विष्णु राजौरिया जी के निधन के समाचार सुनकर बहुत दुःख हुआ। माननीय अर्जुन सिंह जी के हम दोनों शिष्य थे “गुरुभाई” थे। उनका जीवन साफ़ सुथरा रहा और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रभावशाली रहा। उन्हें हमारी विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने एक्स पोस्ट में लिखा कि, 'मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और पूज्य दाऊ सा. के साथी सहयोगी श्री विष्णु राजोरिया जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनका अवसान मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है जिसकी पूर्ति संभव नहीं है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति।'