वीरता पुरस्कारों की राशि में MP सरकार ने किया इज़ाफ़ा, परमवीर चक्र और अशोक चक्र प्राप्त सैनिकों को मिलेंगे 1 करोड़ रुपए

पहले के प्रावधान के अनुसार परमावीर चक्र और अशोक चक्र प्राप्त करने वाले सैनिकों को 20 लाख की राशि दी जाती थी

Publish: Mar 31, 2023, 09:07 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने वीरता पुरस्कार की राशि में वृद्धि का फैसला किया है। परमवीर चक्र और अशोक चक्र अलंकरण प्राप्त सैनिकों को अब पहले मुक़ाबले पांच गुना अधिक पुरस्कार राशि दी जाएगी। मध्य प्रदेश सरकार ने अशोक चक्र और परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले सैनिकों को एक करोड़ की राशि देने का निर्णय किया है।

इससे पहले परमवीर चक्र और अशोक चक्र प्राप्त सैनिकों को 20 लाख रुपए की राशि दी जाती थी। लिहाजा लंबे समय से इस राशि को बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी। हालांकि सरकार शहीदों के परिवारों को एक करोड़ की राशि पहले से ही दे रही थी। 

ऐसे होगा राशि का बंटवारा 

मरणोपरांत अविवाहित शौर्य अलंकरण प्राप्त करता के माता पिता को पूरी राशि दी जाएगी। यदि माता पिता जीवित नहीं हैं तब अविवाहित भाई बहन को बराबर की राशि दी जाएगी। जबकि विवाहित होने पर विधवा को 35 फीसदी, बच्चों को 35 फीसदी और माता पिता को 30 फीसदी राशि दी जाएगी। 

यदि बच्चे नहीं हैं तो माता पिता और विधवा को बराबर की राशि दी जाएगी। तीनों में से किसी एक के जीवित होने पर पूरी राशि उसे दी जाएगी। यदि बच्चे नाबालिग हैं तो उनके बालिग होने पर पूरी राशि सावधि खाते में जमा की जाएगी। 

इन पुरस्कारों की राशि में हुआ इज़ाफ़ा

परमवीर चक्र और शौर्य चक्र के अलावा अन्य पुरस्कारों की राशि में भी वृद्धि की गई है। महावीर चक्र और कीर्ति चक्र प्राप्त कर्ताओं को अब 75 लाख की राशि मिलेगी जबकि पहले उन्हें बारह लाख मिला करते थे। वीर चक्र और शौर्य चक्र प्राप्त कर्ताओं को अब 50 लाख की राशि दी जाएगी, पहले उन्हें 8 लाख मिला करते थे।