11 दिन में तीसरी बार ऋण लेगी शिवराज सरकार, कांग्रेस बोली कर्ज़ लेकर अपना घर भर रहे हैं सीएम

शिवराज सरकार राज्य में विकास के नाम पर हर महीने औसतन दो हजार करोड़ का कर्ज़ ले रही है

Updated: Feb 12, 2023, 10:57 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश लगातार कर्ज़ के बोझ तले दबा जा रहा है। महज़ ग्यारह दिनों के अंतराल में मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार तीसरी बार ऋण लेने की तैयारी कर रही है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने सीएम शिवराज पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि सीएम कर्ज़ लेकर अपना घर भर रहे हैं। 

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने कहा, पूरी तरह कर्ज में डूबा मध्यप्रदेश। पिछले 11 दिनों में तीसरी बार 3000 करोड़ का कर्ज लेगी शिवराज सरकार। अब तक कुल 3 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज ले चुकी है शिवराज सरकार, हर माह कर्ज लेने के बावजूद मध्यप्रदेश फिसड्डी। शिवराज जी,कर्ज लेकर अपना घर भर रहे हो? 

दरअसल एक रिपोर्ट के मुताबिक शिवराज सरकार रिजर्व बैंक में बॉन्ड गिरवी रख कर 13 फरवरी को तीन हजार करोड़ का लोन लेने वाली है। इससे पहले बीते 31 जनवरी और 4 फरवरी को भी शिवराज सरकार ने ऋण लिया था। 

सिर्फ वर्ष 2022-23 में शिवराज सरकार 14 हजार करोड़ का ऋण ले चुकी है। इतना ही नहीं 2022 में मध्य प्रदेश सरकार को 57 हजार करोड़ का वित्तीय घाटा भी हुआ था। शिवराज सरकार राज्य में विकास के नाम पर हर महीने औसतन दो हजार करोड़ का कर्ज़ ले रही है। 

यह भी पढ़ें : लगातार कर्ज़ के बोझ तले दब रहा MP, विधानसभा चुनाव तक प्रति व्यक्ति होगा 38 हज़ार का कर्ज़

केयर एज की स्टेट रैंकिंग की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश आर्थिक, सामाजिक सहित कई पैमानों पर हरियाणा, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और केरल जैसे छोटे राज्यों की तुलना में भी फिसड्डी साबित हुआ है। 27 फरवरी से मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र भी शुरू होना है। चुनावी साल को देखते हुए शिवराज सरकार की तरफ से कई बड़ी घोषणाओं की संभावनाएं जताई जा रही हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव तक मध्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति पर औसतन 38 हजार रुपए का कर्ज़ होगा।