MP: पांच जिलों के नेताओं ने एक साथ थामा कांग्रेस का दामन, भाजपा में मची खलबली

मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पौत्र वधू रोशनी यादव, शिवपुरी से जितेंद्र जैन गोटू, राहतगढ़ से नीरज शर्मा और दतिया से राजू दांगी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Updated: Aug 24, 2023, 05:05 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पार्टी से रूठ कर कांग्रेस में जाने वाले नेताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भाजपा के चार नेताओं ने एकसाथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। पार्टी के चार नेताओं के एकसाथ पार्टी छोड़ने के बाद भाजपा में खलबली मच गई है।

भोपाल स्थित पीसीसी के बाहर गुरुवार को कांग्रेस का बड़ा सदस्यता समारोह का आयोजन देखने को मिला। इस दौरान सागर, निवाड़ी, दतिया, सतना और शिवपुरी के कई नेता और हजारों आम कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस ज्वाइन करने वालों में मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पौत्र वधू रोशनी यादव, शिवपुरी से जितेंद्र जैन गोटू, राहतगढ़ से नीरज शर्मा और दतिया से राजू दांगी शामिल हैं।

रोशनी यादव, पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पौत्र वधू हैं, निवाड़ी जिला उपाध्यक्ष और जिला पंचायत की सदस्य भी हैं। उनके निवाड़ी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। जिसको लेकर रोशनी काफी समय से तैयारियां कर रही हैं। उनके ससुर राम नरेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री रहे हैं। इसके बाद राम नरेश यादव एमपी में यूपीए सरकार के दौरान राज्यपाल भी रहे हैं।

सागर के नीरज शर्मा को पूर्व सांसद और भाजपा नेता लक्ष्मीनारायण यादव के खेमे का माना जाता था। लेकिन सिंधिया गुट के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने के बाद से नीरज शर्मा खुद को पार्टी में उपेक्षित महसूस कर रहे थे, और राजपूत से लगातार उनके मतभेद निकलकर सामने आ रहे थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को संबोधित पत्र में उन्होंने गोविंद सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं कल देर रात भी उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी ताकि वे कांग्रेस में शामिल नहीं हो पाएं।

उधर, शिवपुरी जिले से एक बार फिर बीजेपी को झटका लगा। यहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू कांग्रेस में शामिल। जितेंद्र जैन बीजेपी के पूर्व विधायक के भाई हैं। गोटू ने इससे पहले एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा, 'मैं पिछले काफी समय से यह महसूस कर रहा हूं कि क्षेत्र की पीड़ित और शोषित जनता प्रशासन के पास आती है। उनकी कोई भी सुनवाई बगैर पैसे दिए नहीं होती है।' इसके अलावा दतिया के भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजू दांगी भी कांग्रेस में शामिल हुए। साथ ही रैगांव से बीजेपी के पूर्व विधायक जुगल किशोर बागरी के बेटे और बहू भी कांग्रेस मे शामिल हुए। देवराज बागरी और वंदना बागरी ने कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली।