मध्य प्रदेश में फिर लौटेगा कड़ाके की ठंड का दूसरा दौर, कई जिलों में पारा 10 डिग्री के नीचे

मध्यप्रदेश में 23 से 25 दिसंबर के बीच ठंड का दूसरा दौर आने की संभावना है, जो जनवरी 2025 तक जारी रह सकता है।

Updated: Dec 19, 2024, 10:16 AM IST

भोपाल| मध्य प्रदेश में 23 से 25 दिसंबर के बीच ठंड का दूसरा दौर आने की संभावना है, जो जनवरी 2025 तक जारी रह सकता है। फिलहाल अगले 4-5 दिन प्रदेश के उत्तरी हिस्सों जैसे ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में कोहरा छाने की संभावना है। भोपाल, उज्जैन और जबलपुर में रात का तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा।

मंगलवार-बुधवार की रात प्रदेश में हल्की राहत मिली, और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, पचमढ़ी 2.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। मंडला, उमरिया, नौगांव और अन्य शहरों में पारा 5 डिग्री से नीचे रहा।

बड़े शहरों में जबलपुर 5.2 डिग्री, ग्वालियर 5.4 डिग्री और भोपाल 6.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट हुई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते ठंड का प्रभाव घटा है, लेकिन जल्द ही उत्तरी हवाएं चलेंगी और ठंड फिर तेज होगी। इस दिसंबर में ठंड ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़े हैं। भोपाल में 58 साल का रिकॉर्ड टूटा, जबकि इंदौर, ग्वालियर और अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे गया।

यह भी पढ़ें: इंदौर में MPPSC के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर दी आमरण अनशन की चेतावनी

ठंड के कारण स्कूलों की समय-सारणी बदली गई, वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को हीटर लगाए गए और मंदिरों में भगवान को ठंड से बचाने के उपाय किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं और जेट स्ट्रीम के कारण इस बार ठंड असामान्य रूप से तेज रही है।