MP: कूनो नेशनल पार्क में गूंजी नन्हे चीतों की किलकारी, वीरा ने दिया दो शावकों को जन्म

कूनो नेशनल पार्क में मंगलवार को खुशी की लहर दौड़ गई, जब मादा चीता वीरा ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया।

Updated: Feb 04, 2025, 06:09 PM IST

Photo courtesy: DB
Photo courtesy: DB

श्योपुर| कूनो नेशनल पार्क में मंगलवार को खुशी की लहर दौड़ गई, जब मादा चीता वीरा ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही पार्क में अब कुल चीतों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है, जिसमें 14 शावक और 12 वयस्क चीते शामिल हैं।

इस सुखद समाचार पर केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर्ष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर शावकों की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की 'जंगल बुक' में दो नए मेहमानों का आगमन हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों, चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ के प्रयासों की सराहना की।

वहीं भूपेंद्र यादव ने भी इस अवसर पर खुशी जताते हुए कहा कि बसंत ऋतु के साथ कूनो की फिजाओं में नई उमंग छा गई है। उन्होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका के त्वालू कालाहारी रिजर्व से लाई गई पांच वर्षीय मादा चीता वीरा ने दो शावकों को जन्म दिया है।

पार्क में चीतों की बढ़ती संख्या से न केवल मध्य प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण को बल मिल रहा है, बल्कि इससे पर्यटन को भी नई दिशा मिल रही है। अधिकारियों को इन नवजात शावकों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वे स्वस्थ और सुरक्षित रूप से बड़े हो सकें।