बैतूल के दानवाखेड़ा गांव में खुजली रोग का प्रकोप, दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार से की तत्काल हस्तक्षेप की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ माह पूर्व भी इसी समस्या से बच्चों की मृत्यु हो चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन ने अपेक्षित संवेदनशीलता और तत्परता नहीं दिखाई।
भोपाल। राज्यसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम दानवाखेड़ा में दूषित पानी के कारण फैली खुजली की बीमारी से मासूम बच्चों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ माह पूर्व भी इसी समस्या से बच्चों की मृत्यु हो चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन ने अपेक्षित संवेदनशीलता और तत्परता नहीं दिखाई। लगातार शिकायतों और स्थानीय विरोध के बावजूद स्थिति में सुधार न होना गंभीर चिंता का विषय है।
सिंह ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसमें लापरवाही अस्वीकार्य है। उन्होंने मांग की है कि ग्राम में तुरंत स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, दूषित जल स्रोतों की जांच व सुधार किया जाए, प्रभावित ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों को समुचित चिकित्सा सुविधा दी जाए, तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। 
बता दें कि बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी जनपद के ग्राम दानवाखेड़ा में पिछले एक सप्ताह से त्वचा रोग, विशेषकर खुजली (स्केबीज) का प्रकोप देखा जा रहा है। कई लोग खासकर बच्चे इस बीमारी के चपेट में हैं। इससे तीन माह पहले गांव में खुजली और त्वचा रोग से दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक ग्रामीण और बच्चे बीमार हो गए थे।




