नीदरलैंड से मुंबई महज़ 24 घंटे में पहुंच गए कंसंट्रेटर, लेकिन मुंबई से इंदौर लाने में लगे दो दिन

मध्यप्रदेश के चार्टेड अकाउंटेंट्स की एक संस्था ने विदेशों में रहने वाले इंदौर के लोगों से लगाई मदद की गुहार, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के लिए पैसे एकत्रित किए, लेकिन मुंबई से इंदौर पहुंचने में सिस्टम की वजह से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को दोगुना समय लग गया

Updated: May 09, 2021, 12:11 PM IST

Photo Courtesy: Aaj Tak
Photo Courtesy: Aaj Tak

इंदौर/मुंबई। नीदरलैंड से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर महज़ 24 घंटे के भीतर मुंबई पहुंच गए। लेकिन मुंबई से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को इंदौर लाने में दो दिन का वक्त लग गया। ऐसा सिस्टम की वजह से हुआ। इतना ही नहीं इंदौर तक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को लाने में रिश्वत तक देनी पड़ गई। 

3 मई को नीदरलैंड से 45 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मुंबई पहुंचे थे। लेकिन इन्हें इंदौर पहुंचते पहुंचते 5 मई हो गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को मुंबई से इंदौर लाने के लिए टैक्स देना पड़ा। इतना ही नहीं, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लेकर आ रहे ट्रक को इंदौर पहुंचने के बीच रिश्वत भी देनी पड़ी। 

दरअसल चार्टेड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन ने विदेश में रहने वाले इंदौर के नागरिकों से मदद के लिए संपर्क साधा था। इसके बाद विदेशों में रहने वाले लोगों ने कुल 18 लाख रुपए जुटाए। वहीं चार्टेड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन ने भी आपस में 12 लाख का इंतजाम किया। इसके बाद नीदरलैंड से 30 लाख में 45 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मंगवाए गए। 

लेकिन 3 मई को जैसे ही ये कंसंट्रेटर मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे, ये सभी सिस्टम का शिकार हो गए। सबसे पहले इन्हें इंदौर तक लाने के लिए 3 लाख रुपए का टैक्स देना पड़ा। टैक्स देकर जब ट्रक पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को लादा गया। तब भी वे एक बार में इंदौर नहीं पहुंच सके। रास्ते में पुलिस ने गाड़ी रोक ली, और जांच भी हुई। ट्रक को आगे का रास्ता तब मिला जब ट्रक को आगे ले जाने के लिए रिश्वत दी गई। मुंबई से इंदौर तक पहुंचने में तमाम कठिनाइयों का सामना करते हुए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लिया ट्रक 5 मई की शाम को इंदौर पहुंचा।