देवाशीष जरारिया ने दी जल-सत्याग्रह की चेतावनी, पानी के लिए तरस रही है गोहद की जनता

पिछले बीस दिनों से पानी के लिए तरस रही है गोहद की जनता, समस्या की जानकारी होने के बावजूद नगरपालिका नहीं कर रही है सुनवाई

Updated: Mar 08, 2021, 12:27 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की गोहद विधानसभा की जनता बूंद बूंद पानी के लिए तरस रही है। बैसली डैम के सूखा होने की वजह से क्षेत्र की 80 हज़ार जनता प्यासी तड़प रही है। पिछले बीस दिनों से लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। कांग्रेस नेताओं द्वारा नगरपालिका को समस्या से अवगत कराए जाने के बावजूद नगरपालिका समस्या के निपटारे के लिए कोई सुनवाई नहीं कर रही है। 

इस संबंध में भिंड दतिया से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। जरारिया ने मुख्यमंत्री के नाम चिट्ठी में लिखा है कि अगर पानी की किल्लत से जूझ रही क्षेत्र की जनता की समस्या को दूर नहीं किया गया तो वे इसके विरोध में अनिश्चितकालीन जलसत्याग्रह पर बैठ जाएंगे। 

यह भी पढ़ें : ग्वालियर में सप्लाई हो रहा कीड़े वाला पानी, ऊर्जा मंत्री के इलाक़े में पानी की गंभीर समस्या

युवा कांग्रेस नेता देवाशीष जरारिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराते हुए कहा है कि गोहद नगर की 80 हज़ार जनता पिछले 20 दिन से प्यास से तड़प रही है। इसकी वजह यह है कि लोगों के घरों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी एकमात्र बैसली डैम पूरी तरह से सूख गया है। जरारिया ने मुख्यमंत्री से कहा है कि पानी की किल्लत की समस्या इस क्षेत्र में वर्षों से है। लेकिन जिला प्रशासन ने इस समस्या से निपटने के लिए कोई पुख्ता तैयारी नहीं की। जिसका खामियाजा आज गोहद की जनता भुगत रही है। 

देवाशीष ने मुख्यमंत्री से कहा है कि क्षेत्र में जब लोगों को पानी की समस्या शुरू हुई तब कांग्रेस नेताओं ने नगरपालिका के CMO को समस्या का समाधान निकालने हेतु ज्ञापन भी सौंपा था। लेकिन जब पानी की समस्या हल नहीं हुई तब 1 मार्च को क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन के उदासीन रवैये के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में गोहद नगपालिका का घेराव भी किया था। लेकिन अब तक जिला प्रशासन की ओर से इसका हल निकालने की कोई कार्यवाही नहीं की गई है।

जरारिया ने शिवराज को याद दिलाते हुए कहा कि इस मसले को स्थानीय विधायक मेवाराम जाटव ने विधानसभा में भी उठाया था। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा है कि लोगों की समस्या अब तक हल न हो पाने की वजह से वे काफी निराश हैं, अगर तीन दिन के भीतर पानी की किल्लत की समस्या का निपटारा नहीं किया गया तो वे 12 मार्च से बैसली डैम में ही अनिश्चितकालीन जलसत्याग्रह पर बैठेंगे। 

दरअसल गोहद क्षेत्र में बैसली डैम के ज़रिए ही लोगों के घरों तक पानी पहुँच पाता है। लेकिन डैम के सूख जाने के कारण पिछले लगभग एक महीने से क्षेत्र की जनता पानी के लिए मोहताज है। इस संबंध में स्थानीय कांग्रेस नेता कई मर्तबा ज़िला प्रशासन को अवगत करा चुके हैं। धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं लेकिन पानी की किल्लत जैसी सबसे बड़ी समस्या के प्रति ज़िला प्रशासन का रवैया अब तक बेहद उदासीनता भरा रहा है।