ग्वालियर-चंबल के लोग अन्याय नहीं सहते, पलटवार करते हैं, सिंधिया के गढ़ में कमलनाथ ने भरी हुंकार

भाजपा सरकार ने MP को झूठ की राजधानी बनाया है। किसानों, माताओं-बहनों, नर्मदा और आदिवासियों को झूठ बोला। दलितों को झूठ बोला। गोमाता को भी झूठ बोला। शिवराज ने 18 साल में झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया: कमलनाथ

Updated: Jul 21, 2023, 03:35 PM IST

ग्वालियर। ग्वालियर के ऐतिहासिक मेला ग्राउंड में कांग्रेस द्वारा आज विशाल जन आक्रोश रैली आयोजित की गई। रैली को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी हुंकार भरी। कमलनाथ ने कहा कि ग्वालियर-चंबल के लोग अन्याय नहीं सहते, बल्कि अन्याय पर पलटवार करते हैं।

कमलनाथ ने अपने भाषण की शुरुआत में सीएम शिवराज और सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'मैं महाराजा नहीं हूं। शिवराज सिंह कहते हैं, मैं मामा हूं। मैं मामा नहीं हूं। मैं साधारण इंसान हूं। आज प्रदेश का हर वर्ग आक्रोशित है। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को झूठ की राजधानी बनाया है। शिवराज सरकार ने किसानों, माताओं-बहनों, मां नर्मदा और आदिवासियों से झूठ बोला। दलितों को झूठ बोला। गौमाता को लेकर भी झूठ बोला। शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल में झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया। शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन है। घोषणाओं की मशीन है। अब चुनाव में सिर्फ 4 महीने बचे हैं तो ये मशीन दोगुनी गति से चल रही है।'

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में प्रियंका गांधी की महारैली, बोलीं- भैया-बहनन को राम-राम, भाजपा जाएवे बारी है

कमलनाथ ने आगे कहा कि, 'शिवराज सिंह चौहान
आंख, कान नहीं चलाते हैं। उनका केवल मुंह चलता है। प्रदेश चलाने और मुंह चलाने में बहुत अंतर है। 2018 में हमारी सरकार बनी। हमें बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार वाला प्रदेश सौंपा गया था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी। गौशालाएं बनाईं तो कौन सा पाप किया। आज चुनाव 4 महीने दूर हैं, तो शिवराज को बहनें, नौजवान और किसान याद आ रहे हैं। शिवराज जी आपने 18 साल में बेरोजगारी दी। कोरोना से मौतें दी। महाकाल लोक घोटाला दिया। प्रदेश में 2500 घोटाले हुए। ये आपकी देन है। आपने घर-घर में शराब भी दी। ये आपकी उपलब्धि है।'

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया पर जमकर हमला बोला। गोविंद सिंह ने कहा कि आज एक बार फिर गद्दारी का इतिहास दोहराया जा रहा है। सिंधिया ने रानी लक्ष्मीबाई का साथ दिया होता तो आजादी 1857 में ही मिल जाती। सिंधिया ने 166 साल बाद फिर गद्दारी का इतिहास दोहराया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरा दी। चार बार इस खानदान का गद्दारी का इतिहास रहा है। अपनी संपत्ति और व्यापार धंधे बचाने के लिए उसी व्यक्ति ने कांग्रेस गद्दारी की। गोविंद सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिंधिया परिवार ने 20 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां हड़प ली।