MP में आज से पुलिसकर्मियों को दिया जाएगा साप्ताहिक अवकाश, कमलनाथ ने बताया चुनावी चाल
मैंने मुख्यमंत्री के रूप में जनवरी 2019 में प्रदेश के पुलिसकर्मियों को यह अधिकार दिया था, लेकिन शिवराज सरकार बनते ही पुलिसकर्मियों से उनका यह अधिकार छीन लिया गया था: कमलनाथ

भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिसकर्मियों को सोमवार से साप्ताहिक अवकाश मिलना शुरू हो गया है। सीएम चौहान के आदेश के बाद जिला पुलिस थानों में पुलिस बल की उपलब्धता को देखते हुए रोस्टर बनाकर साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। भोपाल जिले में हर दिन 14 प्रतिशत मैदानी अमले यानी 600 पुलिस बल को वीक ऑफ दिया जाएगा।
राज्य सरकार के इस फैसले को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने चुनावी चाल करार दिया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'मुझे खुशी है कि आज से मध्य प्रदेश के पुलिसकर्मियों को फिर से साप्ताहिक अवकाश देने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। मैंने मुख्यमंत्री के रूप में जनवरी 2019 में प्रदेश के पुलिसकर्मियों को यह अधिकार दिया था। लेकिन शिवराज सरकार बनते ही पुलिसकर्मियों से उनका यह अधिकार छीन लिया गया था। यह बात इसलिए याद दिला रहा हूं कि नीयत को समझना जरूरी है।'
मुझे खुशी है कि आज से मध्य प्रदेश के पुलिसकर्मियों को फिर से साप्ताहिक अवकाश देने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। मैंने मुख्यमंत्री के रूप में जनवरी 2019 में प्रदेश के पुलिसकर्मियों को यह अधिकार दिया था। लेकिन शिवराज सरकार बनते ही पुलिसकर्मियों से उनका यह अधिकार छीन लिया गया था।…
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) August 7, 2023
कमलनाथ ने आगे लिखा, 'एक तरफ कांग्रेस है जिसने सरकार बनते ही पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिया, दूसरी तरफ भाजपा है, जिसे 18 साल तक साप्ताहिक अवकाश की याद नहीं आई, बल्कि उसने पुलिसकर्मियों का अधिकार छीना। साप्ताहिक अवकाश बहाल करके शिवराज सरकार पुलिसकर्मियों के साथ किए गए अन्याय का प्रायश्चित करने की कोशिश कर रही है। अगर यह प्रायश्चित सच्चे दिल से होता तब भी कोई बात थी, लेकिन पुलिसकर्मी अच्छी तरह जानते हैं कि यह तो मामा की चुनावी चाल है।'
पुलिसकर्मियों को छुट्टी के साथ कुछ शर्तें भी जोड़ी गई है। पुलिसकर्मी अवकाश के दिन शहर से बाहर नहीं जा सकेंगे। डिवीजन स्तर पर एक साथ सभी थाना प्रभारियों को छुट्टी नहीं मिलेगी। साथ ही वीआईपी मूवमेंट के दौरान साप्ताहिक अवकाश में परिवर्तन होगा। कानून व्यवस्था खराब होने की स्थिति पर साप्ताहिक अवकाश लेने वाले कर्मचारी अधिकारी फौरन ड्यूटी पर लौटेंगे। नाइट ड्यूटी के बाद पूरे 24 घंटे का अवकाश रहेगा और अगले वर्किंग डे पर सुबह 9:00 बजे आमद देनी होगी।