एकादशी की आतिशबाजी से भोपाल में बढ़ा प्रदूषण, 10 घंटे में 100 पॉइंट बढ़ा AQI

दिवाली के 11 दिन बाद भोपाल में एक बार फिर AQI बढ़ गया है। शुक्रवार को भोपाल का एक्यूआई अधिकतम 363 (वैरी पुअर) दर्ज किया गया है।

Updated: Nov 25, 2023, 12:11 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदूषण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दमघोंटू हवा के कारण भोपालवासी परेशान हैं। आलम ये है कि दिवाली से यह एक्यूआई लगातार वेरी पुअर में बना हुआ है। दिवाली के 11 दिन बाद एकादशी पर हुई आतिशबाजी के कारण भोपाल में एक बार फिर AQI बढ़ गया है। 

गुरुवार रात हुई आतिशबाजी के चलते यह एक्यूआई तेजी से बढ़ा है। शुक्रवार को भोपाल का एक्यूआई अधिकतम 363 (वैरी पुअर) दर्ज किया गया है। वहीं, दिन में यह एक्यूआई न्यूनतम 199 (मॉडरेट) था। बता दें कि दिवाली से यह एक्यूआई लगातार 300 (वैरी पुअर) के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

काफी दिनों बाद 22 व 23 नवंबर को एक्यूआई में थोड़ी गिरावट आई थी। लेकिन फिर हुई आतिशबाजी के चलते यह एक्यूआई बढ़ गया है। एकादशी की शाम को भोपाल का एक्यूआई 190 के करीब था, रात करीब 11 बजे तक 200 और सुबह तक यह एक्यूआई 300 से अधिक हो गया। इस तरह से एक्यूआई रात भर में करीब 10 घंटे में 100 से अधिक बढ़ा। एक्सपर्ट्स की माने तो रात भर हर एक घंटे में 10-10 पाइंट एक्यूआई उठा।

पर्यावरण एक्सपर्ट्स का कहना है कि ठंड के सीजन में आम तौर पर एक्यूआई बढ़ता ही है। ठंड में वाहनों से निकलने वाली हानिकारक गैसें एक्सपेंड नहीं हो पाती व वायुमंडल में ठहरी रहती हैं। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ती है, गैस व धूल के कण वायुमंडल में देर तक ठहरते हैं, इससे एक्यूआई बढ़ता है। इसी के साथ अधिक कोहरे की वजह से भी कई बार वायुमंडल में मौजूद हानिकारक गैस डिजॉल्व नहीं हो पाती।