जनता ने आपको भी विधायक बनाकर ही भेजा था स्पीकर नहीं, जनपद अध्यक्ष और गिरीश गौतम के बीच हुई नोकझोंक

रीवा के नईगढ़ी जनपद अध्यक्ष ममता तिवारी का गिरीश गौतम ने किया भूमिपूजन, जनपद अध्यक्ष को क्षेत्र की समस्या रखने से विधानसभा अध्यक्ष ने रोका, फिर ममता तिवारी ने भी दिया स्पीकर को जवाब

Publish: Feb 09, 2023, 09:14 AM IST

रीवा। शिवराज सरकार की विकास यात्रा में बीजेपी नेताओं को बारंबार फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को रीवा में जनपद अध्यक्ष को अधिकारों का पाठ पढ़ाना विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम को भारी पड़ गया। जनपद अध्यक्ष ने उल्टा गिरीश गौतम को याद दिलाते हुए कह दिया कि जनता ने उन्हें भी विधायक ही बनाकर भेजा था। 

यह घटना रीवा के नईगढ़ी जनपद का बताया जा रहा है। गुरुवार को गिरीश गौतम नईगढ़ी जनपद के अंतर्गत आने वाले गेरुआरी सेंगरन ग्राम पंचायत में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके बाद गिरीश गौतम ने शिवराज सरकार का गुणगान गाना शुरू किया। 

गिरीश गौतम ने क्षेत्र के विकास के लिए भिन्न मतों के तमाम लोगों को एक साथ आने का आह्वान किया। गिरीश गौतम ने इस दौरान नईगढ़ी जनपद की अध्यक्ष ममता कुंजबिहारी तिवारी को सलाह देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के मुद्दे पर अनावश्यक विरोध करना सही नहीं है। 

गिरीश गौतम की यह टिप्पणी ममता तिवारी को नागवार गुजरी, जिस पर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को जवाब देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जिताकर भेजा है। ममता तिवारी के इस जवाब से गिरीश गौतम उखड़ गए। उन्होंने जनपद अध्यक्ष को समझाते हुए कहा कि आप इस बात को मन से निकाल दें कि जनता ने आपको अध्यक्ष बनाया है। जनता ने आपको सदस्य बनाया है और सदस्यों ने आपको अध्यक्ष बनाया।

जनपद अध्यक्ष ममता तिवारी गिरीश गौतम के साथ बहस में उलझ पड़ीं। लेकिन लोगों की समझाइश के बाद उन्होंने गिरीश गौतम के भाषण समाप्त होने तक आगे कुछ न बोलना उचित समझा। हालांकि बाद में जनपद अध्यक्ष ममता तिवारी ने गिरीश गौतम को उन्हीं की भाषा में जवाब दे दिया। 

जनपद अध्यक्ष ने आशा कार्यकर्ताओं और मजदूरों की समस्या को साझा करते हुए कहा, स्पीकर को भी यह समझना चाहिए जनता ने उन्हें भी विधायक ही बनाया था, विधानसभा अध्यक्ष भी विधायकों के समर्थन से ही बने हैं। इस पद पर नियुक्ति वैधानिक प्रक्रिया के तहत ही होती है और जनहित में आवाज़ उठाना हमारा दायित्व है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार जब जनपद अध्यक्ष गिरीश गौतम को उन्हीं की भाषा में जवाब दे रही थीं, तब बीजेपी नेता वहीं पर मौजूद थे। हालांकि उन्होंने इसके बाद जनपद अध्यक्ष को जवाब नहीं दिया।