मैदान पर क्रिकेट खेलती दिखीं साध्वी प्रज्ञा, कांग्रेस बोली इस चमत्कार पर डॉक्टर करें शोध

भोपाल में क्रिकेट खेलती नज़र आईं साध्वी प्रज्ञा, बल्ले से जड़े चौके और छक्के, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Publish: Dec 26, 2021, 04:12 AM IST

भोपाल। अमूमन व्हील चेयर पर नज़र आने वालीं बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा एक बार फिर चर्चा में हैं। बीच मैदान साध्वी का क्रिकेट खेलना चर्चा कारण बना हुआ है। सोशल मीडिया पर साध्वी का क्रिकेट खेलते वीडियो वायरल है। जिसके बाद कांग्रेस ने बीजेपी सांसद पर तंज कसते हुए कहा है कि इस विषय पर डॉक्टरों को शोध करना चाहिए। 

सोशल मीडिया पर प्रज्ञा ठाकुर का वायरल वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है। बीजेपी सांसद शनिवार को एक क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन के मौके पर पहुंची थीं। उद्घाटन में पहुंचने के बाद साध्वी खुद को रोक नहीं पाईं और हाथ में बल्ला थाम कर बल्लेबाजी करने लगीं। इस दौरान बीजेपी सांसद ने बल्ले से चौके और छक्के भी जड़े। 

साध्वी प्रज्ञा के इस वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया पर एक बार फिर साध्वी द्वारा बीमारी का नाटक करने की बहस छिड़ पड़ी है। कांग्रेस पार्टी ने भी साध्वी के वीडियो पर चुटकी लेते हुए दुनिया का आठवां अजूबा करार दे दिया है।

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि व्हील चेयर पर ज़्यादातर समय नज़र आने वाली, बीमारी के कारण न्यायालय से राहत पाने वाली साध्वी जी जब क्रिकेट खेलते, फ़ुट्बॉल खेलते, समारोह में नृत्य करते दिखती है तो ख़ुशी होती है और ऐसा लगता है कि यह कोई आठवाँ अजूबा है, इस चमत्कार पर तो विश्व के डॉक्टरो को शोध करना चाहिये। 

यह भी पढ़ें : गरबा की धुन पर थिरकने वालीं साध्वी पर कांग्रेस का तंज, जनता के मुसीबत में पड़ते ही हो जाती हैं बीमार

दरअसल यह पहली बार नहीं है जब साध्वी प्रज्ञा को बगैर व्हील चेयर के खेल के मैदान पर देखा गया हो। साध्वी प्रज्ञा को इससे पहले भी बास्केटबॉल और कबड्डी खेलते देखा जा चुका है। इतना ही नहीं उन्हें गरबा की धुन पर नृत्य करते भी देखा जा चुका है। ऐसे में साध्वी द्वारा खुद को बीमारी से पीड़ित होने के दावे पर अक्सर सवाल उठते रहते हैं।