शिवराज सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की जिनमें 22 भी पूरी नहीं कर सकी, धार में प्रियंका गांधी ने भरी हुंकार

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर के वायरल वीडियो का मुद्दा उठाते हुए बोलीं केंद्र के कृषि मंत्री के बेटे का एक वीडियो सामने आया। इसमें हजारों करोड़ की बातें हो रही हैं।

Updated: Nov 06, 2023, 05:13 PM IST

धार। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को धार जिले के कुक्षी पहुंची। यहां उन्होंने डही पुलिस ग्राउंड पर विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर के पुत्र के बहुचर्चित वीडियो का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र के कृषि मंत्री के बेटे का एक VIDEO सामने आया। इसमें हजारों करोड़ की बातें हो रही हैं।

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन के शुरुआत में कहा‌, 'आपका मैं बहुत-बहुत स्वागत करती हूं बिरसा मुंडा जी की जय हर हर नर्मदे। यह बाबासाहेब अंबेडकर के जैसे महापुरुषों की धरती है। आपके पूर्वजों ने इन महापुरुषों के साथ हमारे देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है। जितनी श्रद्धा आपके मन में इंदिरा जी के लिए थी उतनी ही श्रद्धा इंदिरा जी के मन में देशवासियों के प्रति थी। इंदिरा जी आप सभी की संस्कृति को समझती थीं आदिवासियों की संस्कृति समझती थीं और वह जानती थीं कि आप सभी प्रकृति का आदर करते हैं प्रकृति से प्रेम करते हैं। इसलिए वह आप पर कुछ भी थोपना नहीं चाहती थीं। राजीव गांधी जी ने भी आपकी संस्कृति का संस्कृत का आदर किया और आपके लिए जो नीतियां लाए जिससे कि आप आगे भी बढ़ पाए और आपकी जो परंपराएं थी उसे बचा कर भी रख पाए।'

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह को लोग राजा साहब क्यों कहते हैं, पत्नी अमृता राय ने कहा- वे दिल से राजा हैं

प्रियंका गांधी ने कहा कि अर्जुन अपनी नजर और ध्यान को केंद्रित कर तीर चलाते थे, इसी तरह अपने वोट को चलाओ। तीर सही लगने से आपका भविष्य मजबूत बन सकता है। उन्होंने सीधी पेशाबकांड पर CM शिवराज को घेरते हुए कहा, 'चुनाव का समय है तो मुख्यमंत्री ने उस लड़के के पैर धोए, जिसके साथ गंदी हरकत की गई थी।' लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा, 'एक समय था जब नरेंद्र मोदी जी कहते थे कि पहले पहले सचिन सेंचुरी मरेगा या प्याज़। आज मैं उनको बताना चाहती हूं की विराट नें भी सेंचुरी मार ली है और प्याज़ नें भी अब उनकी सरकार है तो अब वो इसपर क्या बोलेंगे।पहले जो सिलेंडर ₹400 का मिलता था वह ₹1200 का यह देने लगे हैं और चुनाव से पहले यह सिलेंडर को 450 करने की बात करते हैं लेकिन क्या यह सिलेंडर 450 का आपको पहले नहीं मिल सकता था?'

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पिछले 18 सालों में 22000 घोषणाएं की हैं लेकिन इन्होंने 22 घोषणाएं भी अपनी पूरी नहीं की है। उन्होंने कहा कि आज इस सरकार में किसान अपनी फसल से भी नहीं कमा पा रहा है और पलायन करने को मजबूर है। शिवराज सरकार ने यहां पर पटवारी घोटाला महाकाल घोटाला, व्यापम घोटाला, वृक्षा रोपण में घोटाले के साथ और ढाई सौ से अधिक घोटाले किए हैं। इसलिए मैं आपसे कहना चाहती हूं कि आप कैसी सरकार चुनिए इस बार जो आपके लिए ईमानदारी से कम करे। आज की सरकार कहती है कि उसके पास OPS लागू करने के लिए पैसे नहीं है लेकिन बड़े बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रही है।'

सीएम शिवराज पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्होंने लाडली बहन योजना 3 महीने पहले लागू क्यों की? उन्होंने कहा कि क्या पहले महिलाएं परेशान नहीं थी? क्या इससे पहले महंगाई नहीं थी? आज यह महिलाओं के साथ यह मजाक कर रहे है।आज मध्य प्रदेश में हर रोज 17 महिलाओं का बलात्कार हो रहा है और सरकार कोई सुरक्षा की बात नहीं करती है। इनके उद्योगपति मित्र अडानी एक दिन में 1600 करोड़ कमा रहे हैं और किसान 27 रुपए कमा रहा है। भाजपा वाले जितनी भी घोषणा की जा रही है वह पूरी तरीके से खोखली है जबकि कांग्रेस की सरकारों ने हमेशा आपके अधिकारों को आपके हाथ में देने का काम किया है। आपने हमें बनाया है इस बात का हमें एहसास है, मुझे पूरा विश्वास है कि आप लोग सही निर्णय लेंगे और भाजपा के नेताओं को जवाबदेह बनाएंगे।

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन की आखिरी में कहा कि मैं अब आपको कांग्रेस की गारंटी बताना चाहती हूं।

* महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देंगे
* किसानों का कर्ज माफ करेंगे
* 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ
* पुरानी पेंशन लागू करेंगे
* 500 रुपए में गैस सिलेंडर
* 2 लाख खाली सरकारी पद भरेंगे
* स्कूली स्टूडेंट्स को 500 से 1500 रुपए तक मासिक छात्रवृत्ति
* MSP की गारंटी
* युवाओं को 3000 रु. बेरोजगारी भत्ता
* 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा
* प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट
* 25 लाख रु. तक का बीमा
* OBC को 27% आरक्षण
* जाति जनगणना