बैतूल में हीरों की तस्करी, कैप्सूल में रखते थे माल, 8 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने हीरों की तस्करी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पकड़े गए आठ आरोपियों में दो नाबालिग हैं।आरोपी असली हीरे दिखाकर नकली हीरे टिका देते थे।

Updated: Jun 06, 2021, 05:19 AM IST

Photo courtesy: news18
Photo courtesy: news18

बैतूल। मध्यप्रदेश की बैतूल  पुलिस ने हीरों की तस्करी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। तस्करी करने वाले आठ आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े गए आठ आरोपियों में दो नाबालिग बताए जा रहें हैं। आरोपियों के पास से 254 नग हीरे चांदी की पायल, नगदी व दो देशी कट्टे बरामद किया गया है। जब्त माल की कुल कीमत 55 लाख रुपए की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी असली हीरे दिखाकर नकली हीरे टिका देते थे। पुलिस को शक ना हो इसके लिए वह हीरों को लाने-ले जाने के लिए दवा के कैप्सूल का उपयोग करते थे। इसके लिए कैप्सूल से पाउडर निकालकर हीरा भरा जाता था। पुलिस ने छिंदवाड़ा के व्यापारी के साथ हुई लूट के मामले में आरोपियों को पकड़ा है।


बैतूल जिले की एसपी सिमाला प्रसाद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि छिंदवाड़ा का व्यापारी प्रिंस सोनी 31 मई को आरोपियों से हीरे खरीदने बैतूल आया। इससे पहले भी वह आरोपियों से हीरे खरीद चुका था। दोपहर करीब 3 बजे प्रिंस को आरोपियों नेे हीरे दिखाए। जांच-परख के बाद प्रिंस ने कहा कि ये हीरे उच्च क्वालिटी के नहीं हैं। साथ ही, इस हिसाब से इनकी कीमत भी ज्यादा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपियों ने कट्‌टा अड़ाकर व्यापारी के पास रखे 2.50 लाख रुपए नकद और पांच असली हीरे लूट लिए और भाग गए। प्रिंस की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने हीरा करोबार में संलिप्त व्यापारी से पूछताछ की। इस दौरान बताए गए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी मिले हैं। मुखबिरों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी करण झारखंडे के घर दबिश दी। जहाँ से नकली हीरा बरामद किया गया है। करण के निशानदेही पर पुलिस ने सात अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 2 नाबालिग हैं। पूछताछ में तस्करी की बात सामने आई है।

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस  ने बताया की आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर सराफा व्यापारी से लेकर हीरा का कारोबार चलाते थे। पुलिस की टीम नागपुर जा कर मामले की छानबीन करेगी। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।