भोपाल में आज ठप रहेंगी टैक्सी और ऑटो सेवाएं, रेलवे स्टेशनों पर अवैध वसूली के विरुद्ध चालकों का हड़ताल
भोपाल में आज ऐप आधारित कैब और ऑटो नहीं चलेंगे। सिर्फ वह ऑटो चलेंगे जो कि बिना रैपिडो या ओला ऊबर से संबंधित नहीं हैं। चालक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक डॉ. अंबेडकर जयंती पार्क में प्रदर्शन करेंगे।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 14 जुलाई यानी आज टैक्सी और ऑटो नहीं चलेंगे। रेलवे स्टेशनों पर अवैध वसूली व अन्य मुद्दों को लेकर टैक्सी यूनियन कल्याण समिति के आह्वान पर ओला, ऊबर, रैपिडो जैसी निजी ऐप आधारित सेवाओं से जुड़ी 2500 से ज्यादा टैक्सियां और 2000 से अधिक ऑटो हड़ताल पर हैं।
यूनियन के बैनर तले चालक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक डॉ. अंबेडकर जयंती पार्क में प्रदर्शन करेंगे। इस हड़ताल का असर भोपाल रेलवे स्टेशन, रानी कमलापति स्टेशन, संत हिरदाराम नगर स्टेशन, राजा भोज एयरपोर्ट, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख पिकअप पॉइंट्स पर सीधा पड़ेगा। हालांकि, बताया जा रहा है कि सिर्फ ऐप आधारित कैब और ऑटो नहीं चलेंगे। वह ऑटो चलेंगे जो रैपिडो या ओला ऊबर से संबंधित नहीं हैं।
यह भी पढे़ं: हरदा में करणी सैनिकों पर बर्बर लाठीचार्ज, पीड़ितों से आज मिलने जाएंगे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
यूनियन के राष्ट्रीय सचिव नफीसउद्दीन ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन राजधानी सहित प्रदेशभर के टैक्सी चालकों की उपेक्षा और शोषण के खिलाफ है। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसके लिए पुलिस प्रशासन से विधिवत अनुमति ली गई है। यूनियन ने शहरभर में पोस्टर और पैंफलेट लगाकर आमजन को अलर्ट किया है। 11 बजे से 5 बजे तक हम अंबेडकर मैदान में धरना देंगे।
ये हैं प्रमुख मांगें
1. रेलवे स्टेशनों पर अवैध वसूली तत्काल बंद की जाए।
2. एयरपोर्ट और अन्य पब्लिक पिकअप प्वाइंट्स पर उचित पार्किंग सुविधा दी जाए।
3. एयरपोर्ट पर प्राइवेट टैक्सियों का अतिक्रमण रोका जाए।
4. अवैध प्राइवेट ओर टू व्हीलर टेक्सी सेवा बंद की जाए।
5. निजी टैक्सी कंपनियों पर सरकारी दरें लागू हो।
6. फिटनेस मशीनों में तकनीकी गड़बड़ियों को सुधारा जाए।
7. पैनिक बटन के नाम पर अवैध वसूली बंद की जाए।
8. यूनियन के लिए स्थाई कार्यालय की व्यवस्था की जाए।