भोपाल में लकड़ी तस्करों का दिखा आतंक, वन विभाग की टीम पर हमले के बाद बाइक में लगाई आग

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम पर लकड़ी तस्करों ने हमला कर दिया। इसमें एक कर्मचारी घायल हो गया।

Updated: Jan 14, 2024, 12:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में लकड़ी तस्करों के हौसले बुलंद हैं। राजधानी भोपाल में शुक्रवार की रात लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। हमले में वनरक्षक खुमान सिंह को चोट आई हैं। उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हमले के बाद आरोपी वन अमले से बाइक भी छीनकर भाग गए। कुछ दूर आगे बाइक जली हुई अवस्था में मिली। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है।

घटना भोपाल और विदिशा के नजीराबाद और लटेरी के जंगल की सीमा की है। रेंजर दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि लटेरी और नजीराबाद के आगे ढैईया इलाके में शुक्रवार देर रात यह घटना हुई। जंगल में वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। तभी 10-15 मोटर साइकिलों पर 25-30 लोग आए। जिन्होंने अमले को देखकर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे वनरक्षक खुमान सिंह को चोट लगी। कुछ देर तक पत्थर फेंकने के बाद आरोपी भाग निकले। जाते-जाते हमलावरों ने बाइक छीनी, और कुछ दूरी जाकर उसमें आग लगा दी।

इस मामले में नजीराबाद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आगजनी, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, लूट और शासकीय अमले पर हमला करने की धाराओं में केस दर्ज किया है। शनिवार सुबह बैरसिया एसडीओपी पंकज दीक्षित, रेंजर दीपक श्रीवास्तव, नजीराबाद थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के साथ लटेरी थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।