रीवा में दो आदिवासी बच्चियों से दरिंदगी, सात लोगों ने बंधक बनाकर किया गैंगरेप

मध्य प्रदेश के रीवा जिले से शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां दो नाबालिग बहनों को 7 युवकों ने जंगल में घेरकर गैंगरेप किया और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

Updated: Aug 08, 2023, 08:42 PM IST

Image courtesy- DB
Image courtesy- DB

रीवा। मध्य प्रदेश में आदिवासियों के साथ दुराचार के मामले नहीं थम रहे हैं। हैवानियत का एक और मामला प्रदेश के रीवा जिले के हनुमना थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां बकरी चराने गई 2 नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ 7 लोगों ने गैंगरेप किया। वारदात का खुलासा 25 दिन बाद वीडियो वायरल होने के बाद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 5 आरोपियों को पकड़ा है वहीं 2 आरोपी अभी भी फरार हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरु की। मऊगंज थाने के एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि 25 दिन पूर्व दोनों चचेरी बहनें जंगल में भाजी लेने गईं थीं। लौटते समय नजदीक के गांव के सात आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर छेड़-छाड़ शुरु कर दी और दोनों बहनों को खींच कर खाई में ले गए। जहां सातों आरोपियों ने उनके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। डरी सहमी बच्चियां ने गैंगरेप की घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। आरोपियों में से ही एक आरोपी के द्वारा वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल करने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। 

हनुमना थाना प्रभारी चेतन मर्सकोले ने बताया कि महिला सब इंस्पेक्टर प्रज्ञा पटेल ने दोनों बच्चियों से बयान लिए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने सात आरोपियों पर  342, 376(D A), 376(3), 506, 5/6 पॉक्सो एक्ट, 66E, 67, 67 A आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस गैंगरेप के 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 अभी भी फरार हैं। आरोपियों में पुष्पेंद्र सिंह, इंदल सिंह, बृजभान सिंह,शिवलाल सिंह, सुनील सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित एक अन्य शामिल है। एएसपी अनिल सोनकर ने बताया कि फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए प्रकरण को फास्ट कोर्ट में ले जाया जाएगा।