देवास में तेज रफ्तार ट्रक ने तूफान को मरी टक्कर, दो सहायक सचिवों की मौत और 10 लोग घायल
देवास में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में रतलाम के दो सहायक सचिवों की मौत हो गई। जबकि, 10 घायल हो गए। सभी भोपाल में सीएम मोहन यादव के महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे।
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दुर्घटना में ग्राम पंचायत के दो सहायक सचिवों की मौत हो गई। जबकि, 10 अन्य घायल हो गए। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ था। उस वक्त रतलाम जिले से भोपाल जा रही टैम्पो ट्रैक्स (तूफान) वाहन को पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। सभी घायलों को तत्काल देवास स्थित अमलतास अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग रतलाम जिले की सैलाना जनपद पंचायत क्षेत्र से जुड़े ग्राम पंचायत सहायक सचिव थे। वे बुधवार को भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री मोहन यादव के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित है।
यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, पारा 47 डिग्री पार, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
दुर्घटना में ग्राम पंचायत करिया के सहायक सचिव लखन और ग्राम पंचायत कांगसी के सहायक सचिव हुर्जी मईड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई। सहायक सचिव संगठन के जिला अध्यक्ष निर्भय राम पाटीदार ने बताया कि सैलाना जनपद के सहायक सचिव सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार रात रतलाम से भोपाल के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान देवास के पास उनकी गाड़ी को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
घायलों में चौक सिंह डामर और प्यारेलाल खराड़ी की हालत गंभीर बताई जा रही है। चौक सिंह डामर ग्राम पंचायत ताला बोर्डी से जुड़े हैं। वहीं, ग्राम पंचायत ठीकरिया के कैलाश पारगी भी हादसे में घायल हुए हैं और उनका हाथ टूट गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने सैलाना, जावरा और पिपलोदा जनपद पंचायतों के सीईओ को तत्काल देवास रवाना किया। प्रशासनिक अधिकारी रतलाम से देवास पहुंचकर राहत और उपचार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:इंदौर में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ 5 गिरफ्तार




