इंदौर में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ 5 गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मंगलवार सुबह सुपर कॉरिडोर पर बड़ी कार्रवाई कर 1 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया।

Publish: May 19, 2026, 07:28 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो एमडी ड्रग्स के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार सुबह सुपर कॉरिडोर इलाके में घेराबंदी कर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक स्कॉर्पियो कार, दो बाइक, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। जब्त की गई एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में ड्रग्स लेकर सप्लाई के लिए आने वाले हैं। इसके बाद टीम ने सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में निगरानी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो और दो बाइक संदिग्ध हालत में वहां पहुंची। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया लेकिन आरोपी मौके से भागने लगे।

यह भी पढ़ें:अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, गुरनूर, मानव और हर्ष जैसे नए खिलाड़ियों पर BCCI ने जताया भरोसा

भागने की कोशिश के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 1 किलो एमडी ड्रग्स, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने ड्रग्स के अलावा स्कॉर्पियो, दो बाइक और हथियार समेत कुल 1 करोड़ 21 लाख 20 हजार रुपए का माल जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झालावाड़ निवासी नवीन सोलंकी (25) और शंकर सिंह (33), उज्जैन निवासी विक्रम सिंह (31) और नरेंद्र सिंह (26) तथा इंदौर के सिलिकॉन सिटी निवासी गोविंद शर्मा (29) के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें:ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में उतरा केमिस्ट एसोसिएशन, 20 मई को देशभर में बंद रहेंगे 12 लाख से ज्यादा दवा दुकानें

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि ड्रग्स नेटवर्क की पूरी कड़ी तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई चेन की बैकट्रेसिंग कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश की जाएगी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी नवीन सोलंकी और गोविंद शर्मा सैलून में काम करने के साथ-साथ रेपिडो चलाते हैं। जबकि, बाकी आरोपी खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। पुलिस स्कॉर्पियो वाहन के मालिक और इस पूरे नेटवर्क में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:सतना की तेल मिल में बॉयलर फटा, 1 कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत, लोगों ने हाइवे जाम किया