उज्जैन: रामघाट पर शिप्रा आरती के दौरान हंगामा, दीपक बेचने वाली महिलाओं और पुजारियों में हुई मारपीट
उज्जैन के रामघाट पर शिप्रा आरती के बाद दुकानदारों और पुजारियों में हिंसक झड़प हो गई। पूजन सामग्री बेचने को लेकर हुए विवाद में जमकर लात-घूंसे और पीतल के दीपक चले।
उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन के रामघाट पर रोजाना होने वाली प्रसिद्ध शिप्रा आरती के दौरान रविवार शाम विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरती समाप्त होने के बाद पूजन सामग्री और दीपक बेचने वाली महिलाओं तथा पुजारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह कहासुनी देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत आरती के दौरान पूजन सामग्री बेचने को लेकर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे चलने लगे। वायरल वीडियो में हाथापाई के साथ पीतल के दीपक फेंके जाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें:ऋषिकेश से इंदौर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 8 यात्रियों की मौत और 21 घायल
महाकाल थाना पुलिस के अनुसार, तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी उमा यादव अपनी मां ममता परमार के साथ रामघाट पर फूल और दीपक बेचती हैं। उमा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पुजारी गणेश शर्मा ने उन्हें आरती के दौरान पूजन सामग्री बेचने से रोका। जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। उनका कहना है कि विरोध करने पर पुजारियों ने उनके साथ अभद्रता की और गणेश शर्मा ने हाथ में मौजूद पीतल की आरती उनके सिर पर मार दी थी। बीच-बचाव के लिए पहुंचीं उनकी मां ममता परमार पर भी पीतल की आरती से हमला किया गया। जिसकी वजह से उनके चेहरे और नाक पर चोट आई। उमा के मुताबिक, शिप्रा नाम की एक युवती भी विवाद शांत कराने पहुंची थी लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई। बाद में उनके पति सुरेश यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
वहीं, पुजारियों ने महिलाओं के आरोपों को खारिज करते हुए उल्टा उन पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुजारी विकास शर्मा ने पुलिस को बताया कि आरती के दौरान महिलाओं को पूजन सामग्री बेचने से रोका गया था। जिसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उनका कहना है कि धक्का-मुक्की के दौरान उनके हाथ में मौजूद जलती हुई आरती उन्हीं पर गिर गई। जिससे उनके हाथ और आंख के पास चोट लगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं ने गणेश शर्मा के साथ भी मारपीट की। जिसकी वजह से उनके चेहरे और पीठ पर चोटें आई।
यह भी पढ़ें:भोपाल के अंबेडकर पार्क में NSUI का प्रदर्शन, NEET पेपर लीक के कारण जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
पुलिस के मुताबिक, इस झड़प में दोनों पक्षों के तीन से चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा सके। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




