गांजा रखकर प्रेमियों को फंसाने वाले 6 पुलिसकर्मियों पर एक्शन, होटल मालिक के स्टिंग के बाद हुए सस्पेंड

सिवनी में होटल संचालक से वसूली और प्रेमी जोड़े को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर बुधवार को ASP दीपक मिश्रा, SDOP और टीआई समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।

Updated: Nov 18, 2026, 05:51 PM IST

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी में होटल संचालक से हर महीने वसूली करने और होटल में ठहरे प्रेमी जोड़े को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम, टीआई सतीश तिवारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों की बातचीत हिडन कैमरे में रिकॉर्ड की थी। करीब 1 मिनट 15 सेकंड का यह वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने को भी कहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा है।

यह मामला बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीने से पुलिस अधिकारी होटल चलाने के बदले हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे। संजय के मुताबिक, अक्टूबर में उन्होंने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए थे। इसके बावजूद पूरी रकम नहीं मिलने पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगातार तीन दिन होटल में तलाशी ली गई। 

यह भी पढ़ें:BJP MLA प्रीतम लोधी के बेटे को कोर्ट ने भेजा जेल, अदालत का सम्मान न करने पर जज ने फटकार भी लगाई

इस दौरान कर्मचारियों और वहां ठहरे ग्राहकों को भी धमकाया गया था। संचालक ने यह भी दावा किया कि टीआई सतीश तिवारी, SDOP चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी की ओर से अलग-अलग 25-25 हजार रुपए की मांग की जाती थी। उनका कहना है कि वह तीनों को 10-10 हजार रुपए दे चुके थे।

संजय सनोडिया के मुताबिक, पुलिसकर्मी जब भी होटल पहुंचते थे तो वहां लगे CCTV कैमरों का DVR जब्त कर ले जाते थे। उन्हें आशंका थी कि इससे घटनाओं के सबूत मिट सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने होटल में साउंड रिकॉर्डिंग की सुविधा वाला एक छिपा हुआ कैमरा लगवाया था।

बीते 13 नवंबर को ASP दीपक मिश्रा, SDOP और टीआई पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने CCTV का एक DVR जब्त कर लिया लेकिन हिडन कैमरे का दूसरा DVR उनके हाथ नहीं लगा। इसी में पूरी बातचीत रिकॉर्ड हो गई। होटल संचालक ने बताया कि उन्होंने होटल यश मेश्राम को किराए पर दे रखा है। आरोप है कि अक्टूबर में पैसे नहीं देने पर पुलिस ने यश के साथ मारपीट भी की थी।

यह भी पढ़ें:भोपाल में कोविड योद्धाओं का आंदोलन तेज, अब जिलों में CMHO कार्यालयों पर करेंगे प्रदर्शन

वायरल रिकॉर्डिंग में होटल के रिसेप्शन पर पुलिस अधिकारियों और एक प्रेमी जोड़े के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। इसमें ASP दीपक मिश्रा जोड़े से उनके माता और पिता को बुलाने और लड़की को पिता के पास फोन लगाने के लिए कहते सुनाई देते हैं। इसी दौरान टीआई सतीश तिवारी बताते हैं कि दोनों शादी करना चाहते हैं और बालिग होने के साथ एक ही जाति के हैं। इसके बाद रिकॉर्डिंग में ASP दीपक मिश्रा लड़के के बैग में गांजा रख देने की बात कहते सुनाई देते हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं।

मामला सामने आने पर शुरुआत में सिवनी SP कृष्ण लालचंदानी ने टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच किया था। इसके बाद IG प्रमोद वर्मा ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए टीआई समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया और बुधवार शाम तक प्राथमिक रिपोर्ट मांगी। वहीं, मध्यप्रदेश के DGP कैलाश मकवाना ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि ASP दीपक मिश्रा और SDOP को निलंबित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उन्होंने मामले की विस्तृत जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी। बाद में मुख्यमंत्री के निर्देश पर ASP और SDOP समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:MP में 2 बच्चों वाला नियम समाप्त, तीसरी संतान होने पर नहीं जाएगी सरकारी नौकरी

वायरल वीडियो को लेकर जब ASP दीपक मिश्रा से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने इसे AI जनरेटेड और फर्जी बताया। हालांकि, IG की ओर से जांच के आदेश दिए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने फोन काट दिया। सिवनी पुलिस पहले भी रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में रही है। करीब एक साल पहले 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिसकर्मियों ने एक गाड़ी से 3 करोड़ रुपए पकड़े थे। 

आरोप लगा था कि डेढ़ करोड़ रुपए की रिश्वत लेकर मामले को रफा दफा करने की कोशिश की गई। उस मामले में IG प्रमोद वर्मा ने तत्कालीन टीआई अर्पित भैरम समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। वहीं, DGP ने SDOP पूजा पांडेय को भी सस्पेंड किया था। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के पास से 1.45 करोड़ रुपए बरामद किए गए थे।