भोपाल में UPSC अभ्यर्थी से 53 लाख की ठगी, 10 फीसदी रिटर्न का झांसा देकर जाल में फंसाया
भोपाल के मिसरोद में एक यूपीएससी अभ्यर्थी से क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर 53 लाख रुपये की ठगी हुई है। जालसाजों ने 10% मुनाफे का झांसा देकर पैसे ऐंठे।
भोपाल। राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में रहने वाले एक यूपीएससी अभ्यर्थी के साथ क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर 53 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने हर निवेश पर 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर छात्र को अपने झांसे में लिया और लाखों रुपये निवेश करवाने के बाद वेबसाइट बंद कर फरार हो गए। मामले में मिसरोद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी का शिकार हुए प्रखर दुबे (25) नरसिंहपुर जिले के हीरापुर भठेरा गांव के रहने वाले हैं। वे फिलहाल भोपाल के भगवान परिसर क्षेत्र में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। 28 अक्टूबर 2025 को उन्हें एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिप्टोकरेंसी निवेश की जानकारी मिली थी।
यह भी पढ़ें:MP: कान्हा में 6 दिन में तीन शावकों की मौत, वन विभाग ने बाघिन और 1 शावक को किया रेस्क्यू
इसके बाद जालसाजों ने उनसे संपर्क कर निवेश करने के लिए एक प्लेटफॉर्म पर डीमैट अकाउंट खुलवाया था। शुरुआत में उन्हें वेबसाइट पर निवेश का अच्छा रिटर्न दिखाया गया। जिसकी वजह से उन्हें लगा कि उनका पैसा सुरक्षित है और निवेश से मुनाफा हो रहा है।
आरोपियों ने लगातार मैसेज और ऑनलाइन संपर्क के जरिए प्रखर को और अधिक रकम लगाने के लिए प्रेरित किया था। भरोसा बढ़ने के बाद उन्होंने 21 नवंबर 2025 तक अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस और अन्य ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 53 लाख 10 हजार रुपये निवेश कर दिए।
जब बड़ी रकम जमा हो गई तो अचानक संबंधित कंपनी की वेबसाइट बंद हो गई और आरोपियों से संपर्क भी पूरी तरह टूट गया। काफी कोशिशों के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली तब प्रखर को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। जिसके बाद उन्होंने ई एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि साइबर गिरोह तक पहुंचा जा सके।
यह भी पढ़ें:नर्मदापुरम में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर से जा टकराई टवेरा कार, 5 लोगों की मौत और 7 घायल




