शिवपुरी में मातम में बदली शादी की खुशियां, ऑटो पर पलटा ट्रक, दूल्हा-दुल्हन समेत 4 की मौत
शिवपुरी में शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोंगरा रोड पर खड़े एक ऑटो पर अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इस खौफनाक हादसे में नवविवाहित जोड़े समेत 4 लोगों की मौत हो गई।
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दंपति सहित चार लोगों की मौत हो गई। सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मुर्गी दाने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। जिसकी वजह से ऑटो में सवार दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां और भाभी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ था। उस दौरान तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी 25 वर्षीय वीरेंद्र शाक्य अपनी नवविवाहित पत्नी राजेश्वरी शाक्य को लेकर परिवार के साथ गांव लौट रहा था। दोनों की शादी एक दिन पहले शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी स्थित मंदिर में परिवार की मौजूदगी में संपन्न हुई थी।
यह भी पढ़ें:दमोह में भंडारे में खाने के बाद बिगड़ी ग्रामीणों की तबीयत, 25 लोग हुए फूड पॉइजनिंग के शिकार
जानकारी के मुताबिक, दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50), भाभी राजो शाक्य (22) और बहन भूरिया शाक्य (19) ऑटो में सवार थे। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ऑटो चालक ने वाहन रोका था। वहां ड्राइवर और भूरिया पास की दुकान पर चले गए थे। इसी दौरान मुर्गी दाने से भरा ट्रक पेट्रोल पंप की ओर मुड़ते समय अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से ऑटो में बैठे चारों लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और जेसीबी की मदद से ट्रक के नीचे दबे ऑटो को हटाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने दूल्हा वीरेंद्र, दुल्हन राजेश्वरी, मां अन्वेश और भाभी राजो को मृत घोषित कर दिया। जबकि, ऑटो चालक और दूल्हे की बहन इस हादसे में बच गए हैं।
यह भी पढ़ें:MP: एग्जाम देने पहुंचे बच्चों पर मधुमक्खियों का हमला, 9 साल के छात्र की मौत, 6 से ज्यादा घायल
परिजनों ने बताया कि दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की लगन का कार्यक्रम शनिवार को ही राजगढ़ गांव में आयोजित होना था। जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। परिवार दुल्हन की विदाई के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी मुकेश दुबोलिया के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने से हादसा होने की संभावना जताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




