MP: एग्जाम देने पहुंचे बच्चों पर मधुमक्खियों का हमला, 9 साल के छात्र की मौत, 6 से ज्यादा घायल
एमपी के आगर मालवा स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में शुक्रवार को परीक्षा के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में 9 वर्षीय रमन की मौत हो गई।
आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सोयतकला क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में शुक्रवार को मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। जिसमें कक्षा 4 के 9 वर्षीय छात्र रमन कराड़ा की मौत हो गई। जबकि, इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब स्कूल में परीक्षा चल रही थी और बच्चे परीक्षा देने के लिए परिसर में मौजूद थे। उस दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल परिसर में पहले से लगे एक बड़े छत्ते से अचानक सैकड़ों मधुमक्खियां निकलकर बच्चों पर टूट पड़ी थी। भगदड़ के दौरान कई बच्चे इधर-उधर भागने लगे लेकिन रमन बीच में फंस गया और मधुमक्खियों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। जब तक शिक्षक और स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचे तब तक उसे सैकड़ों डंक लग चुके थे और उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें:रीवा-मऊगंज में करोड़ों का डामर घोटाला, फर्जी इनवॉइस लगाकर 18.59 करोड़ निकाले, 44 लोगों पर FIR
घटना के तुरंत बाद घायल बच्चों को सोयतकला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। रमन की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल अन्य घायल बच्चों का इलाज जारी है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि स्कूल परिसर में पहले से कई मधुमक्खियों के छत्ते मौजूद थे लेकिन उन्हें हटाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया था।
यह भी पढ़ें:उज्जैन: बोरवेल में फंसे 3 वर्षीय भागीरथ की मौत, घंटों मशक्कत के बाद निकाला गया शव
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम ने स्कूल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और स्पष्ट किया है कि परिसर में ऐसे खतरनाक छत्तों का बने रहना गंभीर लापरवाही है। साथ ही पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने पूरे जिले के सभी स्कूलों के लिए सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं। स्कूल परिसरों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, संभावित खतरों की पहचान करने और मधुमक्खियों के छत्तों को तुरंत हटाने के लिए वन विभाग से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें:वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में पलटा 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर, 10 की मौत




