डेढ़ महीने में नए मंत्री क्या काम कर लेंगे, बीजेपी के सीनियर नेता ने मंत्रिमंडल विस्तार पर उठाए सवाल

मैं इस दौड़ में नहीं था। अगर बन भी जाता तो डेढ़ महीने में कुछ नहीं कर पाता। जो साथी मंत्री बने, उन्हें बधाई देता हूं: भाजपा विधायक अजय विश्नोई

Updated: Aug 28, 2023, 06:39 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले अंतर्कलह रोकना बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। नाराज नेताओं को खुश करने के लिए पिछले हफ्ते शिवराज सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार किया। हालांकि, इससे नाराज नेताओं की संख्या घटने के बजाए और भी बढ़ गई है। भाजपा के सीनियर विधायक अजय विश्नोई ने खुलकर कैबिनेट एक्सपेंशन के फैसले का विरोध किया है। 

जबलपुर के पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, 'डेढ़ महीने में नए मंत्री क्या काम कर लेंगे। इस समय मंत्रिमंडल का कोई सार नहीं है।' मंत्री पद की दौड़ में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैं इस दौड़ में नहीं था। अगर बन भी जाता तो डेढ़ महीने में कुछ नहीं कर पाता। जो साथी मंत्री बने, उन्हें बधाई देता हूं।'

बता दें कि शिवराज सरकार में 3 नए मंत्रियों को जगह मिली है। बालाघाट से विधायक गौरीशंकर बिसेन और रीवा से विधायक राजेन्द्र शुक्ल और उमा भारती के भतीजे को मंत्री बनाया गया है। शपथग्रहण के पहले भी अजय विश्नोई ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था कि चुनाव से ठीक पहले कैबिनेट का विस्तार करना सही नहीं है। चुनाव में कम समय बचा है। ऐसे में मंत्री अपने पद के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे। पार्टी को चुनाव से पहले 4 लोगों को खुश करने के लिए 14 लोगों को नाराज नहीं करना चाहिए।