मामा के राज में बर्बाद हुआ महिलाओं का जीवन प्रदेश में न बालिकाएं सुरक्षित हैं, न महिलाएं: नेट्टा डिसूजा

प्रदेश में रोज 18 बलात्कार हो रहे हैं, शिवराज ने घोषणा की थी कि कोई बलात्कारी प्रदेश में पकड़ा जाए तो उसे फांसी की सजा सुनाई जाएगी, मैं पूछना चाहती हूं कि कितनों को फांसी हो रही है: नेट्टा डिसूजा

Updated: Oct 21, 2023, 07:27 PM IST

भोपाल। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा शनिवार को राजधानी भोपाल पहुंचीं। यहां उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 बलात्कार रोज ही रहे हैं। सीएम शिवराज ने घोषणा की थी कि बलात्कारियों को फांसी की सजा सुनाई जाएगी। उन्होंने पूछा कि इनमें से कितनों को फांसी हो रही है। 

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेट्टा डिसूजा ने कहा कि शिवराज मामा के राज में महिलाओं का जीवन बर्बाद हो चुका है। आज इसी सभागार में मैंने प्रदेश भर से आई महिला कांग्रेस की हमारी बहनों से विधानसभा चुनाव के संबंध में बैठक की और मैंने उनसे कहा कि मध्य प्रदेश में यदि सबसे ज्यादा किसी सरकार से कोई परेशान है, तो वह कौन सा वर्ग है और उनका जवाब था महिलाएं। कुछ दिन पहले सीएम ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा कोई मामा मध्य प्रदेश को नहीं मिल सकता है। सही बात है, शिवराज सिंह जैसे मामा और भाई किसी को नहीं मिल सकता। मामा के राज में महिलाओं के साथ जो उत्पीड़न हुआ है, रेप की घटनाएं हुई हैं, उसमें बेहताशा बढ़ोतरी हुई है, यह मैं नहीं कह रही हूं, यह देश की एजेंसी एनसीआरबी के आंकड़े कह रहे हैं।'

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: भाजपा ने जारी की 92 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची, तीन मंत्री समेत 29 विधायकों के टिकट कटे

नेट्टा डिसूजा ने आगे कहा, 'प्रदेश में प्रतिदिन 18 बलात्कार हो रहे हैं, शिवराज ने घोषणा की थी कि कोई बलात्कारी प्रदेश में पकड़ा जाए तो उसे फांसी की सजा सुनाई जाएगी, मैं पूछना चाहती हूं कि रोज 18 बलात्कार मध्य प्रदेश में हो रहे हैं, कितनों को फांसी दी जा रही है। क्या यह सत्य कि यह महिलाओं को लुभाने के लिए एक जुमला था या आश्वासन था।  महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर यह मामा एक अपवाद है। इतिहास याद रखेगा कि ऐसा कोई मामा पैदा ना हो जो मामा नाम को बदनाम करता हो। मैं कहना चाहती हूं कि जो घटनाएं घट रही हैं, क्या मां को याद करने से पहले वह अपने मामा को बुलाएगी, क्या आज मध्य प्रदेश की बहनें, महिलाएं ऐसी स्थिति में है कि वह अपने मामा को याद करेंगीं? मध्य प्रदेश इस हालत में है कि हर रोज जो बलात्कार होते हैं, इस प्रदेश में न बालिकाएं सुरक्षित हैं, न महिलाएं सुरक्षित हैं।'

महिला नेत्री ने कहा, 'इस सरकार ने महिलाओं को धोखा के अलावा कुछ नहीं दिया, कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री के घर से कुछ दूर एक भाई की बहन को कुछ लोग छेड़ रहे थे तो वह भाई अपनी बहन के छेड़छाड़ का विरोध कर रहा था तो वहां पर गुंडो ने उसकी हत्या कर दी। बिना किसी के संरक्षण से कोई ऐसा कदम नहीं उठा सकता क्योंकि उसको पता हैं भाजपा के राज्य में कोई सजा नहीं मिलने वाली है। अगर एक भाई को अपनी बहन की जान बचाने के लिए इस तरह से मारा गया तो मुझे विश्वास है कि मध्य प्रदेश में इस तरह के मामा से प्रदेश की बहन दुखी होगी, मीडिया के माध्यम से यह बात मैं मध्य प्रदेश की जनता तक पहुंचाना चाहती हूं।'

यह भी पढ़ें: भाजपा नेतृत्वहीन होने के साथ ही दिशाहीन भी हो चुकी है, पांचवीं सूची पर कमलनाथ का कटाक्ष

नेट्टा डिसूजा ने आगे कहा, 'प्रदेश की भाजपा सरकार 3 महीने पहले एक योजना लेकर आयी, जहां पर महिलाओं को 1000 रूपये की घोषणा की गई और कहा गया कि यदि कांग्रेस को वोट दोगे तो इस योजना से वंचित कर दिया जाएगा। मैं महिलाओं से कहना चाहती हूं कि डरिए मत मध्य प्रदेश में महिलाओं की इज्जत का सवाल है। मैं विश्वास दिलाती हूं कि कांग्रेस की जब सरकार बनेगी तब भी वह लाभ आपको मिलेगा और उससे बढ़कर मिलेगा, 1500 रूपये हर महिला को अपने खाते में मिलेगा और 500 रूपये में गैस सिलेंडर मिलेगा। भाजपा यदि सही मायने में महिलाओं के प्रति सोच रखती है तो इसी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देते, लेकिन दुख की बात यह है कि पीएम मोदी और भाजपा महिला सुरक्षा की, महिला अधिकारों की, महिला सशक्तिकरण की सिर्फ बातें करते हैं और महिलाओं को फुसलाने की कोशिश कर रहे हैं।'

नेट्टा डिसूजा ने कहा, 'कांग्रेस की सरकार आएगी तो बिना किसी भेदभाव के सभी महिलाओं को गैस सिलेंडर 500 रूपयें में मिलेगा। जब बेटी जन्म लेगी तो उनके जन्म से लेकर उनके विवाह तक 2 लाख 51000 रूपये मिलेंगे। महिलाओं के अधिकार के बारे में कांग्रेस पार्टी ने सोचा है, कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं, बहनों के सशक्तिकरण के बारे में सोचा है। इसलिए  बेटियों के विवाह के लिए एक नई योजना प्रारंभ की जिसमें बेटियों के विवाह के लिए 1 लाख 1 हजार रूपये की राशि मिलेगी। मध्य प्रदेश की बहनों को फ्री बस सेवा मिलेगी, 100 यूनिट बिजली माफ होगी और 200 यूनिट का बिल हाफ होगा, आंगनबाड़ी बहनों और आशा कार्यकर्ताओं के हितों के लिए भी कांग्रेस पार्टी ने बहुत कुछ लाभ देने के लिए वचन पत्र में शामिल किया है।'