मॉब लिंचिंग के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी यूथ कांग्रेस, पूरे प्रदेश में जलेंगे भाजपा रूपी रावण के पुतले

मध्य प्रदेश में घटित हो रही में मॉब लिंचिंग की घटनाओं को लेकर कांग्रेस मैदान में उतर गई है, कांग्रेस की युवा इकाई भी हिंसक घटनाओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रही है, इसी कड़ी में आज यूथ कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश व्यापी प्रदर्शन करने जा रही है

Updated: Sep 01, 2021, 08:09 AM IST

भोपाल। प्रदेश में लागतार घटित हो रही मॉब लिंचिंग की घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लागतार शिवराज सरकार को घेर रही है। कांग्रेस लगातार प्रदेश में ठप होती कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर रही है। हिंसक घटनाओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए कांग्रेस पार्टी की युवा इकाई आज मैदान में उतरने जा रही है। 

यूथ कांग्रेस आज नीमच हत्याकांड सहित प्रदेश भर में घटित हुई मॉब लिंचिंग घटनाओं के विरोध में प्रदेश व्यापी प्रदर्शन करने जा रही है। यूथ कांग्रेस प्रदेश भर में आज भाजपा रूपी रावण के पुतले जलाएगी। यूथ कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने यूथ कांग्रेस के इस प्रस्तावित प्रदर्शन की पुष्टि की है। 

विवेक त्रिपाठी ने हम समवेत को बताया कि आज यूथ कांग्रेस मॉब लिंचिंग की घटनाओं और इस पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हुई भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन करने जा रही है। यूथ कांग्रेस की तमाम जिला इकाईयों को इसके लिए निर्देशित किया गया है। आज प्रदेश भर में कांग्रेस पार्टी के युवा कार्यकर्ता कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए भाजपा रूपी रावण के पुतले जलाएंगे। 

यह भी पढ़ें : नीमच हत्याकांड: कांग्रेस ने गठित की कमेटी, पीसीसी को सौंपेगी अपनी रिपोर्ट

कांग्रेस पार्टी ने नीमच में भील समुदाय से आने वाले कन्हैया की हत्या के मामले में एक जांच कमेटी भी गठित की है। जिसकी अगुवाई खुद कांतिलाल भूरिया कर रहे हैं। मंगलवार को कांग्रेस की जांच कमेटी के सदस्य मृतक कन्हैया के गांव पहुंचे। इस दौरान पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, विधायक दिलीप गुर्जर, हर्षविजय गहलोत, मनोज चावला, प्रचिलाल मेढा मौजूद रहे।