UPSC सिविल सर्विस का रिजल्ट घोषित, प्रयागराज की शक्ति दुबे टॉपर, टॉप 5 में से 3 लड़कियां
इस साल यूपीएससी सिविल सर्विस में शक्ति दुबे ने रैंक 1 हासिल किया है। दूसरे नंबर पर हर्षिता गोयल और डोंगरे अर्चित पराग तीसरे स्थान पर हैं।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विस एग्जाम 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। प्रयागराज की शक्ति दुबे ऑल इंडिया टॉपर बनी हैं।दूसरे नंबर पर हर्षिता गोयल और डोंगरे अर्चित पराग तीसरे स्थान पर हैं। अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर रिलीज की गई है।
इस साल सिविल सेवा परीक्षा 2024 में कुल 1,009 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें जनरल कैटेगरी के 335, ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के 109, ओबीसी कैटिगरी के 318, एससी कैटेगरी के 160 और एसटी कैटेगरी के 87 उम्मीदवार हैं। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देख सकते हैं। इसमें यूपीएससी सीएसई उत्तीर्ण कर चुके उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर हैं।
यह भी पढ़ें: नए वक्फ कानून के तहत नियुक्तियों पर रोक, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को जवाब दाखिल करने के लिए 7 दिन का समय दिया
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में टॉप पांच उम्मीदवारों में तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं। शक्ति दुबे (रोल नंबर 0240782) ने सिविल सेवा परीक्षा, 2024 में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक (बी.एससी.) किया है।
हर्षिता गोयल (रोल नंबर 0101571), एमएस यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से स्नातक (बी.कॉम.) ने राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में रखते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। डोगरे अर्चित पराग (रोल नंबर 0867282), वीआईटी, वेल्लोर से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक (बी.टेक.) ने दर्शनशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में रखते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
शाह मार्गी चिराग (रोल नंबर 0108110), गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बी.ई. ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में रखते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, आकाश गर्ग (रोल नंबर 0833621), गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली से कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग में बी.टेक. ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में रखते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया है।