भ्रष्टाचार के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली, शिवराज सरकार पर लगाया कमीशनखोरी का आरोप

भारत माता की जयघोष से गूंजा शौर्य स्मारक, युवा कांग्रेस की मशाल रैली में शामिल हुए हजारों की संख्या में युवा, प्रकाश चौकसे बोले- प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन खाने वाली सरकार अब नहीं चलेगी

Updated: Aug 14, 2023, 07:45 PM IST

भोपाल। 50 फीसदी कमीशनखोरी के मुद्दे पर मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार चौतरफा घिरी हुई है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इसके विरोध में राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाली। युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में पीसीसी मुख्यालय से शुरू हुई युवा आक्रोश मशाल रैली शौर्य स्मारक पर संपन्न हुई। इस मशाल रैली में हज़ारो की संख्या में युवा शामिल हुए। 

भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के विरुद्ध आयोजित इस मशाल जुलूस में सैंकड़ों की संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। मशाल रैली जब अपने गंतव्य तक पहुंची तो शौर्य स्मारक भारत माता कि जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान युवा शिवराज सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी करते दिखे। मशाल जुलूस संपन्न होने के बाद युवाओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हम संकल्प लेते हैं कि प्रदेशवासियों को भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी से निजात दिलाने के लिए शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

यह भी पढ़ें: बाबा महाकाल के दरबार में कमलनाथ, MP को कमीशन राज से मुक्ति दिलाने की लगाई अर्जी

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश चौकसे ने कहा, 'प्रदेश में भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग प्रताड़ित है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। जीवन यापन दिन प्रतिदिन दुश्वार होता जा रहा है। ऊपर से भाजपा नेताओ ने भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं लाँघ दी है। आज प्रदेश में कोई भी शासकीय कार्य बग़ैर रिश्वत दिये नहीं होता। आलम ये है की इस लोभी सरकार में हर काम के 50 % प्रतिशत कमीशन अनिवार्य हो चुका है। प्रदेश की जनता इस भाजपा सरकार को आगमी विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़संकल्पित हो चुकी है।'

इस दौरान युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया की आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित युवा आक्रोश मशाल रैली के माध्यम से हम कहना चाहते है की भारत को गुलामी से आजाद करवाने के लिए लाखों भारत माता के सपूतो ने अपने प्राणों की आहुति दी है तब जा कर हमें ये अमूल्य आजादी प्राप्त हुई जिसके। परंतु आजादी के बाद इस भाजपा सरकार ने भी अंग्रेजी हुकूमत की तरह ही हमारे प्रदेश को लूटा है और प्रदेश को भ्रष्टाचार की दलदल में धकेला है। 

त्रिपाठी ने आगे कहा, 'आज प्रदेश का युवा एक सामान्य नौकरी के लिए दिन-रात संघर्ष कर रहा है परंतु मध्य प्रदेश में निरंतर भर्ती परिक्षाओं में घोटाले हो रहे हैं। जिससे कहीं ना कहीं प्रदेश के युवाओं का मनोबल और भाजपा पर भरोसा टूटा है। आज हम सभी युवा साथियो ने संकल्प लिया है की प्रदेश में आगामी चुनाव में भाजपा को सबक सिखा कर मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के दंश से मुक्त कराएंगे। आज भारत माता के चित्र के सामने पुष्पांजलि देकर हजारों युवाओं ने भाजपा को जड़ से उखाड़ने का संकल्प लिया है।