Meerut Crime: अलादीन के चिराग के नाम पर डॉक्टर से 31 लाख ठगे

Aladin Lamp: दो युवकों ने डॉक्टर को चिराग से जिन्न निकलने का यकीन दिलाया, फिर 31 लाख एडवांस लिये, पूरे 1.5 करोड़ रुपये में किया था अलादीन के कथित चिराग का सौदा

Updated: Nov 03, 2020, 12:03 AM IST

Photo Courtesy: Zee News
Photo Courtesy: Zee News

मेरठ। पढ़े-लिखे लोग भी किस तरह बेवकूफ बन जाते हैं, इसका ताजा उदाहरण उत्तर प्रदेश के मेरठ में देखने को मिला। यहां एक डॉक्टर से साथ 31 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ठगों ने सामान्य लैंप को अलादीन का चिराग बताकर डॉक्टर को बेच दिया। इतना ही नहीं डॉक्टर को यकीन दिलाने के लिए ठगों ने नकली जिन्न भी बुला दिया। लेकिन जब तक डॉक्टर को इस बात का अहसास होता तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर ठगी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक नाम इकरामुद्दीन तो दूसरे का अनीस बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित डॉक्टर ने 31 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उसने लूट के बारे में जानकारी दी थी। उनसे बताया कि ठगों ने कितनी चालाकी से उसे अपने जाल में फंसाया। डॉक्टर ने बताया कि ठगों ने चिराग को रगड़कर भी दिखाया। चिराग को रगड़ते ही उसमें से एक जिन्न बाहर आ गया। लेकिन डॉक्टर को बाद में एहसास हुआ कि वह कोई जिन्न नहीं था बल्कि जिन्न की पोशाक पहने एक शख्स था।

डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह दोनों युवकों की मां का इलाज करने के लिए उनके घर जाया करता था। करीब एक महीने तक वह उनके घर गया। इस दौरान युवकों ने डॉक्टर को बताया कि वो एक तांत्रिक को जानते हैं। जिसके बाद युवकों ने उसे तांत्रिक से मिलने के लिए राजी कर लिया। युवकों ने बताया कि उनके पास एक जादुई चिराग है। जिससे दौलत-शोहरत और बेहतर सेहत मिलती है। युवक उस चिराग को 1.5 करोड़ में बेचना चाहते थे। डॉक्टर ने युवकों को 31 लाख रुपये डाउन पेमैंट के तौर पर दे दिए।

फिलहाल पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को इस मामले में एक महिला की भी तलाश है। पुलिस के मुताबिक, इन युवकों ने पहले भी कई बार तंत्र विद्या के जाल में फंसाकर लोगों को ठगा है।