Ahmedabad Fire: अहमदाबाद के कपड़ा गोदाम में भयानक आग, 9 की मौत

पिराना-पिपलाज रोड पर मौजूद बिल्डिंग में बॉयलर फटने से लगी आग, धमाका इतना तेज़ था कि बिल्डिंग की छत गिर गई

Updated: Nov 05, 2020, 12:40 AM IST

Photo Courtesy: Jagran
Photo Courtesy: Jagran

अहमदाबाद। एक तरफ जहां पूरा देश कोरोना वायरस की मार झेल रहा है वहीं दूसरी तरफ कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुजरात के अहमदाबाद में कपड़े के गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने से गोदाम में जोरदार धमाका हुआ जिससे बिल्डिंग की छत गिर गई। बताया जा रहा है कि 9 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने घायलों को बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पिराना-पिपलाज रोड स्थित बिल्डिंग में आग लगने की वजह से ब्लास्ट हो गया। इसी बिल्डिंग में कपड़े का गोदाम था। गोदाम में बॉयलर फटने से धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। वहां मौजूद सभी लोग आग में झुलस गए। बताया जा रहा है कि 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से 4 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और 5 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग बहुत भीषण थी जिस वजह से गोदाम के अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम वहां पहुंची। करीब 24 फायर बिग्रेड की गाड़ियां और 50 दमकलकर्मी बचाव कार्य में लगे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इस बीच जान-माल का भारी नुकसान हो गया।