Assembly Elections 2026: बंगाल में रिकॉर्ड 91 फीसदी वोटिंग, तमिलनाडु में भी टूटे सभी रिकॉर्ड
पश्चिम बंगाल के पहले चरण में रिकॉर्ड 91.74% और तमिलनाडु में 84.64% ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया है। बंगाल में हिंसा और झड़पों के बीच वोटिंग प्रतिशत में भारी उछाल देखने को मिला है।
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में गुरुवार को मतदाताओं ने चुनाव के इस महापर्व में रिकॉर्ड तोड़ उत्साह दिखाया। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से पहले चरण की 152 सीटों पर 91.74% मतदान दर्ज किया गया। जबकि, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 84.64% वोटिंग हुई। दोनों राज्यों में यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है। खास बात यह रही कि इस बार दोनों राज्यों में पिछली विधानसभा चुनाव की तुलना में वोटिंग प्रतिशत में बड़ा इजाफा देखने को मिला है।
पश्चिम बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव में कुल मतदान प्रतिशत 82.30% रहा था। जबकि, पहले चरण की इन सीटों पर करीब 82.64% वोट पड़े थे। इस बार पहले चरण में मतदान सीधे बढ़कर 91.74% पहुंच गया। यानी पिछली बार की तुलना में करीब 9 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुई थी और शाम 6 बजे तक चली थी। 16 जिलों की 152 सीटों पर कुल 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हुई। यहां 3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालने के पात्र थे। इनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर वोटर शामिल थे।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में महंगा पड़ा रील बनाने का शौक, नहर में बह गईं 4 लड़कियां, 2 की मौत और 1 लापता
वहीं, तमिलनाडू में भी मतदाताओं ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 2021 विधानसभा चुनाव में राज्य में कुल 73.63% मतदान हुआ था। जबकि, इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 84.64% तक पहुंच गया है। यानी पिछले चुनाव की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया गया था। यहां 5.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 4,023 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला किया।
पश्चिम बंगाल में भारी मतदान के बीच कुछ इलाकों से हिंसा और झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद समेत कुछ क्षेत्रों में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर मारपीट के आरोप लगे। मालदा जिले में मतदान के दौरान एक महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई। चुनाव आयोग ने संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की थी और कई स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी भी की गई।
यह भी पढ़ें:भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग पर बवाल, मंदिर-स्कूल के पास ठेके खुलने से लोग सड़क पर
मतदान के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि रिकॉर्ड वोटिंग जनता के गुस्से और प्रतिक्रिया को दिखाती है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि यह परिणाम राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा। इससे पहले असम, केरल और पुडुचेरी में भी रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया था। अब सभी पांच राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।




