Bengal Election 2026: मुर्शिदाबाद में बमबाजी, धरने पर बैठे हुमायूं कबीर, सिलीगुड़ी में BJP और TMC कार्यकर्ता भिड़े

बंगाल में 152 सीटों और तमिलनाडु में 234 सीटों पर वोटिंग जारी है। मतदान के दौरान बंगाल के सिलीगुड़ी में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़े।

Publish: Apr 23, 2026, 01:12 PM IST

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनावी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। जबकि, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक साथ मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक बंगाल में करीब 19 प्रतिशत और तमिलनाडु में 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

बंगाल में मतदान शुरू होने से पहले ही हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में देर रात देसी बम फेंके जाने से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर सुबह मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों के बीच तीखी झड़प भी हुई।

यह भी पढ़ें:सीएम हाउस के पास नहीं कर सकेंगे विरोध प्रदर्शन, पॉलिटेक्निक समेत प्रमुख चौराहे प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित

इसी बीच मालदा जिले के एक मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में खराबी आने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। नाराज मतदाताओं ने चुनाव अधिकारियों को घेर लिया और विरोध दर्ज कराया।

हालांकि, इन घटनाओं के बावजूद राज्य के अधिकांश इलाकों में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में महिलाएं वोट डालने के लिए पहुंची हैं। तमिलनाडु में भी ऐसा ही उत्साह देखने को मिला जहां कई जगहों पर वोटर्स सुबह से लाइन में लगे नजर आए।

चेन्नई में मतदान के दौरान फिल्म अभिनेता अजित कुमार और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय भी वोट डालने पहुंचे। दोनों की एक झलक पाने के लिए मतदान केंद्र के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जिसकी वजह से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी।

यह भी पढ़ें:CG: 21 से दो महीने पहले ही दूल्हा बना युवक, अब शादी शून्य करने की तैयारी

पश्चिम बंगाल में इस चरण में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। चुनाव आयोग द्वारा संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग के जरिए लाइव निगरानी की जा रही है। राज्य की शेष 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि, परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।