मध्य प्रदेश में 15 जून को होगी मानसून की एंट्री, अगले दो दिन के लिए 7 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश में 14-15 जून तक मानसून के प्रवेश की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के कई जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी है।

Updated: Jun 12, 2025, 11:24 AM IST

Photo Courtesy: MP Breaking
Photo Courtesy: MP Breaking

मध्य प्रदेश में इस साल मानसून की आमद 14 या 15 जून को हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके संकेत दिए हैं। लेकिन इससे पहले प्रदेश को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। 12 और 13 जून को खासकर ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के कई जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर सबसे ज्यादा प्रभावित रहेंगे।

गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। छतरपुर का नौगांव 44.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि गुना में 44.5, ग्वालियर और शाजापुर में 44.2, और शिवपुरी व टीकमगढ़ में 44 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में 42.6, इंदौर में 41.6, उज्जैन में 42.8 और जबलपुर में 40.6 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा खजुराहो, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, सतना, धार, सीधी, रीवा, उमरिया और खरगोन समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा।

यह भी पढ़ें: भोपाल के रेलवे ओवर ब्रिज में 88 डिग्री का टर्न, 18 करोड़ रुपए की लागत से बना है यह अद्भुत नमूना

12 और 13 जून को जहां एक ओर उत्तर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू चलेगी, वहीं पूर्वी और दक्षिणी जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन जैसे कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

14 और 15 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। इन दो दिनों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रतिघंटा रह सकती है। 15 जून को लगभग पूरे प्रदेश में वर्षा का अनुमान है। इसी अवधि में मानसून की भी एंट्री होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 26 अप्रैल से प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला शुरू हुआ था, जो 43 दिन तक जारी रहा। 44वें दिन कुछ राहत मिली, लेकिन फिर मौसम ने करवट ली और कई जिलों में हल्की बारिश हुई।

पिछले 14 दिन से मानसून महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में रुका हुआ था, जिससे मध्य प्रदेश में देरी हो रही थी। अब हलचलें बढ़ गई हैं और मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 14-15 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य और पूर्वी भारत में प्रवेश कर सकता है। मध्य प्रदेश में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 15 जून ही है, हालांकि पिछले साल यह 21 जून को आया था।