आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए पूर्व सीएम किरण कुमार रेड्डी

YSR के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन के बाद उनके बेटे जगन रेड्डी के बजाए किरण कुमार रेड्डी को सीएम बनाया था, अब किरण कुमार ने पाला बदलकर भाजपा ज्वाइन कर लिया है।

Updated: Apr 07, 2023, 04:19 PM IST

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए हैं। राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

सदस्यता ग्रहण करने के दौरान उन्होंने एक ओर बीजेपी का शुक्रिया अदा किया। वहीं, दूसरी ओर वे कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, "मैं जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमित शाह का धन्यवाद करता हूं। मेरा परिवार कांग्रेस से 1952 से जुड़ा रहा है और मैंने सोचा नहीं था कभी कांग्रेस छोड़ूंगा। लेकिन कांग्रेस के हाई कमान के गलत फैसले से पार्टी का बहुत नुकसान हुआ है।"

यह भी पढ़ें: झप्पियों के बदले पीएम के कम पढ़े लिखे होने का फायदा उठा लेते हैं दूसरे देशों के राष्ट्र अध्यक्ष, जेल से लिखी मनीष सिसोदिया ने चिट्ठी

रेड्डी ने कहा, "कांग्रेस हाईकमान ने स्थानीय नेताओं से कभी कोई राय नहीं ली। कभी किसी की नहीं सुनी। ये केवल एक राज्य की बात नहीं है, बल्कि सभी राज्य की है। बातचीत की कमी के चलते आलाकमान को पता नहीं चलता है कि किसको कौन सी जिम्मेदारी दी जाए। आन्ध्र प्रदेश कांग्रेस 30 फीसदी वोट से 19 फीसदी पर आ गई। लेकिन कभी कांग्रेस में कोई सोचता नहीं है क्या गलत किया कहां गलती हुई। जब तक आप लोगें से बात नहीं करेंगे तब तक पता नहीं चलेगा।"

बता दें कि आंध्रप्र देश के पूर्व मुख्यमंत्री YSR के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन के बाद उनके बेटे जगन रेड्डी को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन जनभावनाओं के विपरीत कांग्रेस ने किरण कुमार रेड्डी को सीएम बनाया। तब कई लोगों ने इसे गलत निर्णय करार देते हुए रेड्डी को सीएम बनाए जाने का विरोध किया था। आज रेड्डी ने पाला बदलकर स्वयं ही साबित कर दिया कि उन्हें सीएम बनाने का निर्णय गलत था।

यह भी पढ़ें: सड़क छाप गुंडों की भाषा बोल रहे हैं शिवराज, सीएम के आपत्तिजनक बयान पर बिफरे कमल नाथ

रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के आखिरी मुख्यमंत्री थे। राज्य के विभाजन की कांग्रेस को भी भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। विभाजन के बाद पार्टी नेताओं का बड़े पैमाने पर पलायन हुआ और तब से सबसे पुरानी पार्टी आंध्र प्रदेश में एक भी लोकसभा या विधानसभा सीट नहीं जीत पाई है। जबकि वाईएसआर के बेटे जगन रेड्डी अलग पार्टी बनाकर पूर्व बहुमत की सरकार चला रहे हैं।