कांग्रेस के सवालों से तिलमिलाए भाजपा नेता

50 दिन से ‘गायब’; आज सुबह आंखों का इलाज करवाने एम्स पहुंची सांसद प्रज्ञा ठाकुर

Publish: May 16, 2020, 04:31 PM IST

कोरोना महामारी से जब भोपाल प्रदेश का दूसरा सबसे अधिक संक्रमित शहर बन चुका है तब बीते 50 दिनों से यहां की सांसद प्रज्ञा ठाकुर जनता के बीच नहीं हैं। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित अन्‍य नेताओं ने जब सांसद के गायब होने पर सवाल उठाए तो भाजपा तिलमिला गई। कांग्रेस के चुभते सवालों के जवाब में भाजपा नेता पहले तो जवाब देने से बचते रहे अब वे सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खराब स्‍वास्‍थ्‍य का हवाला दे रहे हैं। हालांकि, एम्‍स के सूत्रों के अनुसार सांसद प्रज्ञा ठाकुर शुक्रवार सुबह ही एम्‍स पहुंची हैं। सूत्र बताते हैं कि प्रज्ञा ठाकुर को आंख में इंफेक्शन की शिकायत पर दो दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो माह से कहां गायब हैं सांसद : कांग्रेस

कांग्रेस के सवाल उठाने के एक दिन बाद बीजेपी नेता हरकत में आए। पूर्व सांसद आलोक संजर ने भोपाल की मौजूदा सांसद प्रज्ञा ठाकुर की एम्स में इलाज की फोटो जारी कर दी और एक स्थानीय विधायक की तरफ से कांग्रेस पर असंवेदनशीलता के आरोपों की बौछार शुरू हो गई। विधायक ने कहा कि साध्वी भागी नहीं हैं बल्कि मैदान में हैं और साध्वी के कार्यकर्ता के तौर पर हम लोग काम कर रहे हैं। साध्वी ने कोरोना के इलाज में अपनी पूरी सांसद निधि समर्पित कर दी है..और क्या चाहिए.. विधायक ने ये भी कहा कि उनकी आंख में इंफेक्शन हो गया है और एक आंख खुल नहीं रही है..इसलिए उन्हें इलाज की जरूरत है। 

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रवि सक्सेना ने कहा था कि भोपाल विगत दो माह से कोरोना महामारी से जूझ रहा है दर्जनों पीड़ितों की मौत हो गई। सैंकड़ों संक्रमित जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे विषम संकट काल में भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर गुमशुदा हैं। भोपाल इस महामारी के रेड ज़ोन में है। सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था चरम पर है, स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मास्क, पीपीई किट्स जैसी अतिआवश्यक सुरक्षा सामग्री का अभाव है। स्वास्थ्य सुरक्षाकर्मी, डॉक्टर्स भी बड़ी संख्या में संक्रमित हैं। कुछ तो काल के गाल में समा गए हैं। केंद्र शासन से प्रदेश को समुचित सहायता उपलब्ध नहीं हो रही है। 

कांग्रेस प्रवक्‍ता रवि सक्सेना ने कहा ऐसी आपातकालीन स्थिति में भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर का कहीं अता-पता नहीं है। लगता है उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को इस महामारी में भाग्य भरोसे छोड़ दिया है। वे स्वयं किसी सुरक्षित स्थान पर अंतर्ध्यान हो गयी हैं। जब भोपालवासी अपने सबसे गंभीर संकट काल से गुजर रहे हैं ऐसे समय भोपाल की सांसद का गायब हो जाना अपने दायित्वों से भागने का दुष्कर्म है। यह संविधान की शपथ का भी पूर्णतः हनन है। रवि सक्सेना ने कहा प्रज्ञा ठाकुर को  ढूंढकर लाने वाले को मेरी तरफ से 5000 रुपयों का इनाम और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल लगातार कोरोना का हॉटस्पॉट बना हुआ है। भोपाल में कोरोना संक्रमण की दर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहांगीराबाद प्रदेश में सबसे अधिक पॉजिटिव केस वाला इलाका बन गया है। यहां गैस पीडि़तों ने कोरोना के कारण दम तोड़ा है। स्‍वास्‍थ्‍य और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संक्रमित हो रहे हैं। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सत्‍ता है मगर जीवन और मौत से संघर्ष कर रही जनता के सहयोग के लिए सांसद प्रज्ञा ठाकुर उपलब्‍ध नहीं हैं। ऐसी स्थिति में पूर्व मंत्री तथा भोपाल से विधायक पीसी शर्मा ने प्रज्ञा ठाकुर की निष्‍क्रियता पर सवाल उठाए तो वे भाजपा को नागवार गुजरे।

Click  कोरोना संकट में बिन सांसद भोपाल!