देश को गुलामी के दौर में ले जाना चाहती है बीजेपी, RSS के गढ़ नागपुर में राहुल गांधी ने भरी हुंकार

नागपुर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज़ादी से पहले हिंदुस्तान की जनता, महिलाओं के कोई अधिकार नहीं थे। दलितों को छुआ नहीं जाता था, यह RSS कि विचारधारा है। यह हमने बदला है और वे फिर इसे वापस लाना चाहते हैं, हिंदुस्तान आज़ादी से पहले जहां था वे वहां उसे लौटाना चाह रहे हैं।

Updated: Dec 28, 2023, 06:11 PM IST

नागपुर। कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आयोजित "हैं तैयार हम" महारैली में राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा देश को गुलामी के दौर में ले जाना चाहती है। नागपुर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज़ादी से पहले हिंदुस्तान की जनता, महिलाओं के कोई अधिकार नहीं थे। दलितों को छुआ नहीं जाता था, यह RSS कि विचारधारा है। यह हमने बदला है और वे फिर इसे वापस लाना चाहते हैं, हिंदुस्तान आज़ादी से पहले जहां था वे वहां उसे लौटाना चाह रहे हैं।

नागपुर में राहुल गांधी ने कहा कि अंबेडकर जी की कर्मभूमी में आकर आज मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज कांग्रेस का स्थापना दिवस है और आज हम नागपुर में आपसे बात करने आए हैं। देश में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। लोगों को लगता है कि राजनीतिक लडाई है, सत्ता की लड़ाई है, वो है। मगर इस लड़ाई की नींव जो है, वो विचारधारा की है। उन्होंने कहा कि लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच में है। राहुल गांधी ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा के एक सांसद मुझे लोकसभा में मिले। उन्होंने मुझसे कहा कि बीजेपी में गुलामी चलती है... जो ऊपर कहा जाता है, वो बिना सोचे समझे करना पड़ता है। बीजेपी में रहकर सहा नहीं जाता। मैं हूं बीजेपी में, मगर दिल मेरा कांग्रेस में है। राहुल गांधी के मुताबिक उन्होंने भाजपा सांसद से कहा कि भाई दिल तेरा कांग्रेस में शरीर बीजेपी में। मतलब, दिल शरीर को कांग्रेस में लाने से डर रहा है, यही हो सकता है। मैंने कहा मन क्यों नहीं बन पा रहा है। आप एमपी हो। आप मुझे हिंट दे रहे हो। मन क्यों नहीं बन पा रहा है।

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हमारी विचारधारा राजाओं की विचारधारा है। किसी की सुनना ही नहीं। ऑर्डर आएगा, आपको उसका पालन करना पड़ेगा।।गांधी-नेहरू जेल गए। अंबेडकर ने सालों संघर्ष किया। हमारी विचारधारा कहती है कि देश की लगाम जनता के हाथ में होनी चाहिए। देश को जैसे पहले राजा चलाते थे। वैसे नहीं चलाया जाना चाहिए। हम जनशक्ति, लोकशक्ति की बात करते हैं। आप हमारे सारे के सारे कानून देखिए। आजादी की लड़ाई जनता ने लड़ी थी। राजाओं ने नहीं लड़ी थी। उनकी पार्टनरशिप थी अंग्रेजों के साथ। लोग भूल जाते हैं कि आजादी की लड़ाई अंग्रेजों के खिलाफ थी। नहीं, अंग्रेजों के साथ राजाओं के खिलाफ थी।'

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीब जनता के लिए ये लड़ाई लड़ी थी। अगर आप आजादी से पहले यहां आते तो हिंदुस्तान की जनता को, महिलाओं को कोई अधिकार नहीं थे। दलितों को छुआ नहीं जाता था। ये आरएसएस की विचारधारा है। ये कांग्रेस ने बदला है।हैं तैयार हम रैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आगे कहा कि आज देश में एक तरफ युवाओं पर आक्रमण किया जा रहा है और दूसरी तरफ हिंदुस्तान के 2-3 अरबपतियों को देश का पूरा धन दिया जा रहा है... 1,50,000 युवाओं को हिंदुस्तान की सेना और वायु सेना के लिए चुन लिया गया था... मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना लागू की और इन युवाओं को आर्मी और वायु सेना में नहीं आने दिया गया।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारे पीछे आरएसएस का बंगला है। आरएसएस भी यहीं (नागपुर) से पैदा हुई और यहीं आरएसएस आज देश को बर्बाद कर रही है। मोदी आरएसएस का झंडा लेकर आगे चल रहे हैं और उनके पीछे आरएसएस है। इसलिए आपको सोचना चाहिए जब तक आप नहीं उठेंगे तब तक समानता का झंडा नहीं फहरा सकते। मैं सबसे विनती करूंगा कि पिछले 10 साल में बीजेपी और आरएसएस ने देश को तंग किए हैं। संघ की सरकार को नहीं रोका तो देश बर्बाद की ओर जाएगा और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।