दिल्ली में हाड़ कपा देने वाली सर्दी, 2.8 डिग्री तक गिरा पारा, IMD ने शीतलहर को लेकर जारी किया अलर्ट

दिल्ली की सफदरजंग वैधशाला में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Updated: Jan 05, 2023, 05:21 AM IST

नई दिल्ली। कोहरे की चादर में लिपटी राष्ट्रीय राजधानी धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी हो गई। दिल्ली में आज सुबह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के लोधी रोड में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

जबरदस्त शीतलहर के चलते गुरुवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई, पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। दिल्ली के सफदरजंग वैधशाला में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को वहां पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को ठंड क्यों नहीं लगती, योगी कैबिनेट के स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों को रिसर्च में लगाया

रिपोर्ट्स के मुताबिक लोधी रोड, आयानगर और रिज के मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.8 डिग्री सेल्सियस, 2.2 डिग्री सेल्सियस और 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में आज घना कोहरा छाया। सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह गई। 

मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के लिए गुरुवार और शुक्रवार के वास्ते 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम संबंधी चेतावनी के लिए चार रंग के अलर्ट का इस्तेमाल करता है, जिनमें ग्रीन (कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), येलो (ध्यान दें और नवीनतम जानकारी रखें), ऑरेंज (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) शामिल हैं।

उधर पंजाब और हरियाणा के लिए शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा, 'अगले 24 से 48 घंटों के लिए शीत लहर और शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में ऐसी ही स्थिति रहेगी। इन राज्यों में दिन में तापमान सामान्य से बहुत कम रहने की संभावना है। आईएमडी अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में शीत दिवस और गंभीर शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावनाएं हैं। राज्य में अधिकतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।'